26 अप्रैल के लिए मौसम पूर्वानुमान: उत्तरी-पश्चिम भारत में धूलभरी आँधी, पूर्वोत्तर राज्यों में बाढ़ जैसे हालात

April 25, 2017 4:49 PM|

 

शुरुआत उत्तर भारत से! यहाँ जम्मू कश्मीर और इससे सटे उत्तरी पाकिस्तान पर एक नया पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है। इस सिस्टम के प्रभाव से विकसित हुआ चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र इस समय मध्य पाकिस्तान पर दिखाई दे रहा है।

इन सिस्टमों के प्रभाव से जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में एक-दो स्थानों पर गरज के साथ बौछारें गिरने की संभावना है। पंजाब के नवांशहर और गुरुदासपुर जैसे तराई क्षेत्रों में भी ऐसी गतिविधियां देखने को मिलेंगी।

उत्तर भारत के मैदानी राज्यों विशेषकर दिल्ली, चंडीगढ़, हरियाणा और राजस्थान में अधिक तापमान और बढ़ती आर्द्रता के चलते एक-दो स्थानों पर दोपहर के समय धूलभरी आँधी चलने और बादलों की गर्जना होने की संभावना है।

इस बीच मध्य भारत के भागों में मौसम बेहद गर्म तथा शुष्क बना रहेगा। पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में दिन में लू जैसी गर्मी महसूस की जा सकती है।

पूर्वी भारत में बिहार और इससे सटे हिस्सों पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। इस सिस्टम से एक ट्रफ छत्तीसगढ़ और तेलंगाना होते हुए तमिलनाडु तक पहुँच रही है।

इन मौसमी हलचलों के प्रभाव से असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में बारिश बढ़ेगी। इन राज्यों के साथ-साथ उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल तथा सिक्किम में अच्छी वर्षा होने की संभावना है।

हालांकि यह ट्रफ रेखा ओड़ीशा, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में बारिश के रूप में राहत नहीं देने वाली है। इन राज्यों में तितलागढ़, सुंदरगढ़, तिरुपति, नेल्लोर और खम्मम में अगले कुछ दिनों के दौरान लू जैसे हालत बने रहेंगे।

इस बीच केरल, आंतरिक तमिलनाडु और दक्षिणी कर्नाटक में कुछ स्थानों पर गरज के साथ बौछारें दर्ज की जा सकती हैं।

देश के शेष हिस्सों में मौसम मुख्यतः शुष्क बना रहेगा।

 

Please Note: Any information picked from here should be attributed to skymetweather.com

 

author image