29 अप्रैल के लिए मौसम पूर्वानुमान: महाराष्ट्र व तेलंगाना में हल्की वर्षा के रूप में बरसेगी राहत

April 28, 2016 5:29 PM | Skymet Weather Team

 

उत्तर भारत में इस समय कोई मौसमी हलचल नहीं है जिससे जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखण्ड में मौसम साफ और शुष्क बना रहेगा। हालांकि एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता।

मैदानी भागों में भी चिलचिलाती धूप के बीच मौसम साफ और शुष्क रहेगा, जिससे तापमान में बढ़ोत्तरी दर्ज की जाएगी। शुक्रवार को इन सभी राज्यों में पारा 40 डिग्री से अधिक दर्ज किया जा सकता है।

इधर पूर्वोत्तर भारत में असम और मेघालय पर बना चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र अभी भी सक्रिय बना हुआ है। लगातार बारिश दे रहे इस सिस्टम के प्रभाव से पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने के आसार हैं।

इस सिस्टम से उत्तरी आंध्र प्रदेश तक एक ट्रफ रेखा बनी हुई है। अनुमान है कि इसके प्रभाव से पष्चिम बंगाल, झारखण्ड, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और आंध्र प्रदेश में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।

इधर दक्षिण में विदर्भ से कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु और कोमोरिन तक विंड डिस्कन्टीन्यूटी बनी हुई है। इसके प्रभाव से विदर्भ, मराठवाड़ा, तेलंगाना, कर्नाटक, केरल और दक्षिण तमिलनाड़ु में एक-दो जगह हल्की बारिश दर्ज की जा सकती है।

मौसम में आई इस तब्दीली से पूर्वी और दक्षिणी राज्यों में भीषण लू से कुछ राहत मिली है। हालांकि तापमान 42 डिग्री के आसपास बना रहेगा और पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखण्ड तथा आंतरिक ओडिशा में हल्की लू का प्रभाव शुक्रवार को भी जारी रहेगा।

गर्मी से राहत के लिए मई की प्रतीक्षा कीजिए क्योंकि मई के पहले सप्ताह में कई जगहों पर प्री-मॉनसूनी बारिश की संभावना बन रही है।

 

OTHER LATEST STORIES