22 फरवरी के लिए मौसम पूर्वानुमान: मध्य और पूर्वी भारत में सामान्य से अधिक गर्मी

February 21, 2016 7:24 PM | Skymet Weather Team


 

पश्चिमी विक्षोभ जम्मू कश्मीर से आगे निकल गया है। इस सिस्टम के आगे जाने से उत्तर भारत के समूचे पर्वतीय और मैदानी राज्यों में आसमान पूरी तरह से साफ और मौसम शुष्क रहेगा।

उत्तर से सर्द और शुष्क हवाएं चलने लगी हैं। हवा के प्रवाह में धीरे-धीरे और बढ़ोत्तरी होगी। ठंडी हवाओं के प्रभाव से उत्तर भारत में सुबह के तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। दिन में भी पारा कुछ कम होगा।

पंजाब, हरियाणा और आसपास के इलाकों में सुबह के समय हल्के से मध्यम कोहरा छाने के आसार हैं। छिटपुट जगहों पर कोहरा घना भी हो सकता है।

पूर्वी राज्यों का रूख करें तो असम और बंग्लादेश पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। इससे एक ट्रफ रेखा तटीय ओडिशा तक पहुंच रही है। इसके प्रभाव से सोमवार को असम और अरूणाचल प्रदेश में कई जगहों पर अच्छी बारिश होने और तेज़ हवाएं चलने की संभावना है। शेष पूर्वोत्तर राज्यों में कुछ स्थानों पर वर्षा हो सकती है। ओड़ीशा सहित पूर्वी राज्यों में मौसम बेहद गर्म और शुष्क बना रहेगा।

मध्य भारत में सामान्य से अधिक चल रहे तापमान में गिरावट के आसार नहीं हैं जिससे सोमवार को भी दिन अत्यधिक गर्म रहेगा। किसी मौसमी हलचल के अभाव में आसमान मुख्यतः साफ और मौसम शुष्क रहेगा।

केरल और इससे सटे तटीय क्षेत्रों में एक ट्रफ बनी हुई है। इसके चलते तटीय केरल में हल्की बारिश जारी रहेगी। केरल से सटे दक्षिणी तमिलनाड़ु में भी छिटपुट वर्षा की संभावना है। शेष भागों में मौसम शुष्क होगा। तेलंगाना में अत्यधिक गर्मी करेगी परेशान।

दिल्ली में अधिकतम 26°C और न्यूनतम 13°C तापमान रहेगा।

लखनऊ में दिन में पारा होगा 28°C और सुबह 15°C रहेगा।

हैदराबाद में 37°C तापमान के साथ दिन बेहद गर्म होगा। न्यूनतम तापमान 22°C दर्ज किया जाएगा।

 

OTHER LATEST STORIES