18 जनवरी के लिए मौसम पूर्वानुमान: कश्मीर और हिमाचल में बर्फबारी, पंजाब व उत्तरी उत्तर प्रदेश में वर्षा

January 17, 2017 4:47 PM | Skymet Weather Team

 

जम्मू कश्मीर के पास बना पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहेगा और जम्मू कश्मीर के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम वर्षा और बर्फबारी जारी रहने की संभावना है। उत्तरी पंजाब तथा उत्तर प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में एक-दो स्थानों पर गरज के साथ बौछारें भी दर्ज की जा सकती हैं।

बर्फ की चादर से ढँकी हिमालय की चोटियों से मैदानी राज्यों में आ रही सर्द हवाओं का प्रभाव बना रहेगा। इन हवाओं की गिरफ्त में मैदानी राज्यों का न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे ही बना रहेगा। दिल्ली सहित उत्तर भारत के राज्यों में कड़ाके की ठंड बुधवार को भी जारी रहेगी।

मध्य और पूर्वी भारत में मौसम साफ तथा शुष्क बना रहेगा। इसके अलावा उत्तर-पश्चिमी सर्द हवाएँ चलेंगी जिससे इन भागों में न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जाएगी।

दक्षिण भारत के राज्यों के पास कोई मौसमी सिस्टम नहीं है जिससे इन राज्यों में शुष्क मौसम जारी रहेगा। तापमान में विशेष बदलाव के आसार नहीं हैं।

अरब सागर के दक्षिण से बंगाल की खाड़ी के दक्षिणी हिस्सों तक एक ट्रफ रेखा बनी हुई है। इसके प्रभाव से अंडमान व निकोबार द्वीपसमूह में कुछ स्थानों पर बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी।

 

Please Note: Any information picked from here should be attributed to skymetweather.com

 

OTHER LATEST STORIES