25 जनवरी के लिए मौसम पूर्वानुमान: पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार में शीतलहर से राहत, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब में छाएगा घना कोहरा

January 24, 2018 6:24 PM | Skymet Weather Team


 

उत्तर में बारिश और बर्फबारी देने वाला पश्चिमी विक्षोभ अब आगे निकल गया है जिसके चलते पहाड़ों से लेकर मैदानी भागों तक मौसम शुष्क हो गया है। इस बीच एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत का रुख कर चुका है। हालांकि यह इतना सक्रिय नहीं है कि पहाड़ों या मैदानी इलाकों में बारिश या बर्फबारी दे पाये।

मैदानी इलाकों में सामान्य से ऊपर पहुँच गया न्यूनतम तापमान कल से नीचे जाएगा। इसमें 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है। कोहरा भी वापसी करेगा। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तरी राजस्थान में कल मध्यम से घना कोहरा छाने और सर्दी बढ़ने की संभावना है।

[yuzo_related]

मध्य भारत का रुख करें तो यहाँ गुजरात पर हवाओं में एक विपरीत चक्रवाती क्षेत्र बना हुआ है। इसके चलते गुजरात से लेकर पश्चिमी मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र तक अधिकतर हिस्सों में रात के तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है। इन सभी भागों में सुबह और रात में सर्दी जारी रहेगी जबकि दिन में धूप खिली रहने और मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

पूर्वी भारत के मौसम का ज़िक्र करें तो पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार के लिए हमारे पास राहत की खबर है। इन भागों में लंबे समय से बादलों की तरह छाए घने कोहरे से राहत मिलेगी। कोहरे में कमी से इन भागों में शीतलहर से भी बहुप्रतीक्षित राहत मिलने की उम्मीद है।

पूर्वी बांग्लादेश पर एक चक्रवाती सिस्टम बना हुआ है। इसके प्रभाव से कहीं-कहीं मौसम सक्रिय हो गया है। अनुमान है कि उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, अरुणाचल प्रदेश और नागालैंड के उत्तरी भागों में हल्की वर्षा हो सकती है। अरुणाचल प्रदेश के ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी के भी आसार हैं।

Live status of Lightning and thunder

बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-मध्य में एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। इस सिस्टम से एक ट्रफ रेखा श्रीलंका तक सक्रिय है। इसके प्रभाव से अंडमान व निकोबार द्वीपसमूह में कुछ स्थानों पर बारिश जारी रहने के आसार हैं। जबकि तमिलनाडु, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में मौसम शुष्क ही बना रहेगा। तेलंगाना में कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है।

 

Please Note: Any information picked from here should be attributed to skymetweather.com

 

OTHER LATEST STORIES