16 मार्च के लिए मौसम पूर्वानुमान: उत्तर और पूर्वी राज्यों में मौसम रहेगा शुष्क

March 15, 2016 8:09 PM | Skymet Weather Team


 

एक नया पश्चिमी विक्षोभ पाकिस्तान पर पहुंच गया है। इसके जल्द ही जम्मू कश्मीर के करीब आने की संभावना है। बुधवार को उत्तर भारत में बादल छाए रहेंगे। जबकि बारिश 17 और 18 मार्च को दर्ज की जाएगी। इस सिस्टम के चलते जम्मू कश्मीर में अच्छी वर्षा हो सकती है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखण्ड में भी कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं।

तराई से सटे पंजाब और हरियाणा के भागों में भी 17 और 18 मार्च को कुछ स्थानों पर बौछारें दर्ज की जाएंगी। हालांकि स्काईमेट के मौसम विषेशज्ञों के अनुसार बारिश की तीव्रता हाल ही में हुई बारिश की अपेक्षा कम होगी।

पूर्वोत्तर राज्यों में अरूणाचल प्रदेश और ऊपरी असम में कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा हो सकती है।

प्रायद्वीपीय भारत में प्री-मॉनसूनी गतिविधियां देखने को मिलेंगी।

इस समय विदर्भ और इससे सटे छत्तीसगढ़ पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र दिखाई दे रहा है। यहां हम आपको दिखाने की कोशिश कर रहे हैं कि पश्चिम बंगाल से तमिलनाड़ु तक एक ट्रफ बन रही है, जो इस सिस्टम के बीच से निकल रही है। इसके अलावा ओड़ीशा और आंध्र प्रदेश के तटों के करीब बंगाल की खाड़ी में बने एंटी साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण भी इन भागों में नमी का प्रवाह बना हुआ है।

प्रायद्वीपीय भारत के भागों पर पूर्वी और पश्चिमी हवाओं के मिलने के कारण कोन्फ़्लुएन्स ज़ोन भी बन गया है। बुधवार को नागपुर, हैदराबाद और बंगलूरू में अच्छी बारिश की संभावना है।

पिछले काफी दिनों से दक्षिणी राज्यों में दिन का तापमान सामान्य से काफी अधिक बना हुआ था जिससे इन भागों में बेहद गर्म मौसम परेशानी का सबब बना हुआ था। कुछ भागों में पारा 40°C को भी पार कर रहा था।

मौसम के बदल रहे मिजाज से हम उम्मीद कर सकते हैं कि लोगों को कुछ राहत मिलेगी।

 

OTHER LATEST STORIES