18 मार्च के लिए मौसम पूर्वानुमान: पहाड़ों पर मध्यम बर्फबारी और मैदानों पर हल्की फुहार

March 17, 2016 6:33 PM | Skymet Weather Team


 

पश्चिमी विक्षोभ आगे बढ़ते हुए जम्मू कश्मीर के करीब पहुंच गया है। इसके प्रभाव से बना चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र इस समय पंजाब और इससे सटे राजस्थान पर देखा जा सकता है। यह दोनों मौसमी सिस्टम धीरे-धीरे पूर्वी दिशा में आगे बढ़ते रहेंगे।

इस सिस्टम के चलते जम्मू कश्मीर में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी दर्ज की जाएगी। राज्य के एक-दो स्थानों पर भारी बर्फबारी भी संभव है। हिमाचल प्रदेश में भी अधिकांश स्थानों पर वर्षा और हिमपात देखने को मिलेगा। जबकि उत्तराखण्ड में कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है।

मैदानी भागों की बात करें तो पंजाब और हरियाणा में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। राजधानी दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में एक-दो बार बारिश का झोंका आ सकता है।

मध्य भारत का रूख करें तो विदर्भ और उससे सटे तेलंगाना पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। एक ट्रफ रेखा इस सिस्टम के बीच से निकलते हुए तमिलनाडु तक पहुंच रही है।

शुक्रवार को इस ट्रफ रेखा के आसपास के भागों में हल्की बारिश दर्ज की जा सकती है।

उधर पूर्वोत्तर राज्यों में मेघालय पर बना चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बंगाल की खाड़ी से मिल रही पर्याप्त नमीं के कारण और सशक्त हो गया है। इसके चलते असम मेघालय और अरूणाचल प्रदेश में हल्की बारिश दर्ज की जा सकती है।

 

OTHER LATEST STORIES