26 मई मौसम पूर्वानुमान: मॉनसून 2018 की अंडमान व निकोबार में दस्तक; दिल्ली सहित उत्तर व मध्य भारत के कई इलाके लू की चपेट में

May 25, 2018 8:16 PM | Skymet Weather Team


 

बहुप्रतीक्षित मॉनसून ने शुक्रवार को अंडमान व निकोबार में दस्तक दे दी। मॉनसून की उत्तरी सीमा इस समय दक्षिणी अंडमान सागर और कार निकोबार तक पहुँच गई है।

अगले 24 से 48 घंटों में अंडमान सागर, बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में यह आगे बढ़ेगा और श्रीलंका पहुँच सकता है। संभावना है कि मॉनसून सामान्य आगमन समय 1 जून से पहले केरल में दस्तक देगा, स्काइमेट ने जिसकी संभावना पहले ही जताई थी। अपनी वर्तमान स्थिति से केरल तक का सफर करने में मॉनसून को 3-4 दिनों का समय लग सकता है।

[yuzo_related]

इस बीच देश भर के मौसम पर नज़र

पश्चिमी विक्षोभ पूर्वी दिशा में आगे निकल रहा है। इसके प्रभाव से बना चक्रवाती सिस्टम मध्य पाकिस्तान और इससे सटे पंजाब पर है। हालांकि इन सिस्टमों का असर बहुत कम है इसलिए अधिक मौसमी हलचल की उम्मीद नहीं कर सकते। जम्मू कश्मीर में एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने के आसार हैं। उत्तर-पश्चिम से चल रही शुष्क हवाओं के प्रभाव से उत्तर-पश्चिम भारत के तापमान में और वृद्धि होने की संभावना है। इसके चलते हरियाणा, दिल्ली, उत्तरी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ भागों में लू चलने के आसार हैं।

पूर्वी और पूर्वोत्तर राज्यों में लगातार हो रही प्री-मॉनसून वर्षा के बीच अभी भी बारिश में 24 प्रतिशत की कमी है। यहाँ दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश से बिहार और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल होते हुए मेघालय तक एक ट्रफ रेखा बनी हुई है। इसके चलते हमारा अनुमान है कि उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम और मेघालय में मध्यम से भारी बारिश जारी रहेगी। शेष पूर्वोत्तर राज्यों, पश्चिम बंगाल के शेष भागों, पूर्वी बिहार और उत्तरी ओड़ीशा में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा देखने को मिल सकती है। झारखंड में भी एक-दो स्थानों पर वर्षा संभव है।

मध्य भारत में लू का प्रकोप और अधिक भागों में बढ़ गया है। राजस्थान, मध्य प्रदेश, विदर्भ के अधिकांश हिस्सों और मराठवाड़ा तथा गुजरात के कुछ और इलाके लू की चपेट में आ जाएंगे।

Click the image below to see the live lightning and thunderstorm across India

दक्षिण भारत में एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र अरब सागर में विकसित हुआ है। इसके अलावा बंगाल की खाड़ी में भी दक्षिण-पश्चिम में एक चक्रवाती सिस्टम बना हुआ है। इस बीच अंडमान व निकोबार द्वीपसमूह और लक्षद्वीप में अच्छी बारिश होने के आसार हैं।

केरल और दक्षिणी कर्नाटक में भी हल्की से मध्यम वर्षा के साथ एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। आंतरिक तमिलनाडु में भी कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। तटीय आंध्र प्रदेश में गरज के साथ हल्की वर्षा होने के आसार हैं। तेलंगाना में भी छिटपुट जगहों पर प्री-मॉनसून बारिश हो सकती है।

Any information taken from here should be credited to skymetweather.com

 

OTHER LATEST STORIES