5 मई के लिए मौसम पूर्वानुमान: देश के कई भागों में बारिश के आसार, लू से मिलेगी राहत

May 4, 2016 4:30 PM | Skymet Weather Team

 

पश्चिमी विक्षोभ इस समय जम्मू कश्मीर के पास पहुंच गया है। इसके प्रभाव से विकसित हुआ चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र पंजाब, हरियाणा और उससे सटे हिमाचल प्रदेश के ऊपर दिखाई दे रहा है।
इन मौसमी सिस्टमों के प्रभाव से जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखण्ड में गुरूवार को अधिकांश जगहों पर बारिश होने के आसार हैं।

इधर राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश में एक-दो स्थानों पर गरज के साथ वर्षा दर्ज की जा सकती है। कहीं-कहीं धूल भरी आँधी भी चलने की संभावना है।
पश्चिमी मध्य प्रदेश में छिटपुट जगहों पर मौसमी हलचल देखने को मिलेगी।

इधर पूर्वी और पूर्वोत्तर राज्यों में तीन स्थानों पर चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र बने हुए हैं। एक पूर्वी उत्तर प्रदेश पर दूसरा बिहार और पश्चिम बंगाल पर जबकि तीसरा असम और मेघालय पर दिखाई दे रहा है।
उत्तर प्रदेश के तराई वाले भागों से अरूणाचल प्रदेश तक पहुंच रही एक ट्रफ रेखा इन तीनों को आपस में जोड़ रही है।

इन मौसमी सिस्टमों के प्रभाव से उत्तर प्रदेश के कुछ भागों, बिहार, पश्चिम बंगाल और झारखण्ड में अच्छी प्री-मॉनसूनी बारिश होने की संभावना है।
पूर्वोत्तर राज्यों में कुछ स्थानों पर वर्षा का अनुमान है।

इस सिस्टम से उत्तरी आंध्र प्रदेश तक भी एक ट्रफ रेखा बनी हुई है। जो ओडिशा और छत्तीसगढ़ के कुछ क्षेत्रों में वर्षा दे सकती है।

दक्षिण में मराठवाड़ा से कोमोरिन तक पूर्वी और पश्चिमी हवाओं के टकराने से विंड डिसकन्टीन्यूटी बनी हुई है। इसके प्रभाव से विदर्भ, मराठवाड़ा, कर्नाटक, तेलंगाना और आंतरिक कर्नाटक में कुछ स्थानों पर गरज के साथ बौछारें गिर सकती हैं।

केरल और आंतरिक तमिलनाडु में एक-दो स्थानों पर बारिश होने के आसार हैं।

मौसम में आए इस बदलाव से देश के कई भागों में लू से राहत मिली है। गुरूवार को कुछ भागों को छोड़कर अधिकांश हिस्से सहज मौसम का अनुभव कर सकते हैं।

 

OTHER LATEST STORIES