25 अक्टूबर मौसम पूर्वानुमान: दिल्ली में प्रदूषण की परेशानी; महाराष्ट्र व दक्षिण भारत में बारिश

October 24, 2018 7:41 PM | Skymet Weather Team

मौसम में हलचल इस समय दक्षिणी राज्यों में सबसे अधिक हो रही है। माना जा रहा है कि यहाँ जल्द ही उत्तर-पूर्वी मॉनसून दस्तक दे सकता है।

इस समय बंगाल की खाड़ी से अरब सागर तक एक ट्रफ बनी हुई है। इसके साथ ही एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र भी खाड़ी में बना हुआ है। एक ट्रफ रेखा दक्षिणी मध्य महाराष्ट्र से कर्नाटक तक बनी हुई है।

इन सिस्टमों के प्रभाव से अंडमान व निकोबार द्वीपसमूह, दक्षिणी तमिलनाडु और केरल में कुछ स्थानों पर अच्छी बारिश हो सकती है।

उत्तरी आंतरिक कर्नाटक और दक्षिणी मध्य महाराष्ट्र के शहरों में भी हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। साथ ही उत्तरी मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, कोकण गोवा, तेलंगाना और तटीय आंध्र प्रदेश में भी हल्की वर्षा की उम्मीद है।

इस बीच, मध्य प्रदेश पर एक एंटी-साइक्लोन बना हुआ है, जिसके चलते गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में शुष्क और गर्म मौसम जारी रहेगा।

पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत की बात करें तो, पूर्वी भारत के अधिकांश हिस्सों में शुष्क उत्तर पश्चिमी हवाएं चल रही हैं। पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में शुष्क मौसम जारी रहेगा।

जबकि ओड़ीशा, असम और सिक्किम में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश देखी जा सकती है। पूर्वोत्तर भारत के बाकी हिस्सों में भी शुष्क मौसम जारी रहेगा।

Click the image below to see the live lightning and thunderstorm across India

उत्तर की ओर बढ़ें तो, कश्मीर के पास बना पश्चिमी विक्षोभ अब दूर जाता नज़र आ रहा है। हालांकि जाते हुये ये अपने साथ जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में एक-दो जगह पर हल्की बारिश देगा।

वहीं, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश का मौसम शुष्क लेकिन सुहावना बना रहेगा। राजधानी दिल्ली में प्रदूषण से निजात के कोई खास आसार नहीं लग रहे हैं।

इस बीच मध्य पाकिस्तान पर बना चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र राजस्थान के लिए कुछ राहत ला सकता है। अनुमान है कि यहाँ तापमान में आखिरकार हल्की गिरावट आएगी।

Any information taken from here should be credited to skymetweather.com

 

OTHER LATEST STORIES