31 जुलाई का मौसम पूर्वानुमान: राजस्थान और मध्य प्रदेश में जारी रहेगी अच्छी बारिश, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब में बदलेगा मौसम

July 30, 2019 7:40 PM|

मॉनसून की अक्षीय रेखा आज भी पश्चिमी राजस्थान से बंगाल की खाड़ी पर है। साथ ही मध्य प्रदेश पर एक सर्कुलेशन भी बना हुआ है। दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में मध्यम से भारी बारिश होगी। पूर्वी राजस्थान, गुजरात के कई इलाकों, मध्य प्रदेश के पश्चिमी और मध्य भागों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। दक्षिणी छत्तीसगढ़ और विदर्भ में कुछ स्थानों पर मध्यम और कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है।

मुंबई, ठाणे, नाशिक और पुणे सहित महाराष्ट्र के बाकी हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश जारी रहेगी। गोवा और मुंबई में थोड़े समय के लिए भारी बौछारें गिर सकती हैं।

उत्तर भारत में अब हवा बारिश के लिए मौसम को अनुकूल बना रही है। बारिश पहले पहाड़ों पर ज़ोर पकड़ेगी। उम्मीद है कि उत्तराखंड और हिमाचल में मध्यम से भारी बारिश शुरू हो जाएगी जबकि जम्मू कश्मीर के कुछ हिस्सों में वर्षा का अनुमान है। पंजाब और हरियाणा के तराई वाले शहरों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है। इन दोनों राज्यों के बाकी हिस्सों, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी एक-दो स्थानों पर थोड़े समय के लिए बारिश देखने को मिल सकती है। हालांकि इन भागों में 1 अगस्त को अच्छी वर्षा की संभावना बन रही है।

Click the image below to see the live lightning and thunderstorm across IndiaRain in India

पूरब में जिन क्षेत्रों में मौसम सूखा बना हुआ था वहाँ भी अब मॉनसून सक्रिय होगा। बंगाल की खाड़ी से हवाओं का फ्लो बढ़ा है जिससे पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओड़ीशा के साथ पूर्वोत्तर भारत में कुछ स्थानों पर गरज के साथ हल्की बौछारें गिर सकती हैं। हालांकि सिक्किम, उत्तरी बंगाल और दक्षिणी ओड़ीशा में मध्यम से भारी बारिश के आसार हैं।

देश के दक्षिणी राज्यों में मॉनसून का कमजोर प्रदर्शन देखने को मिलेगा। रायसलीमा, दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक और तमिलनाडु में अच्छी बारिश नहीं होगी। चेन्नई, मदुरै, बंगलुरु, सहित इन शहरों में शुष्क मौसम ही रहने के आसार हैं। हालांकि तटीय कर्नाटक और उत्तरी तेलंगाना में मध्यम से भारी बारिश दर्ज की जा सकती है।

Any information taken from here should be credited to skymetweather.com

author image