23 अक्टूबर का मौसम पूर्वानुमान: मिनी मॉनसून सक्रिय, दक्षिण भारत सहित महाराष्ट्र में होगी अच्छी बारिश

October 22, 2019 7:31 PM|

दक्षिण भारत के भागों में बेशुमार बारिश हो रही है। उत्तर-पूर्वी मॉनसून यानि देश का मिनी मॉनसून उग्र है और आगे इसके और उग्र होने की आशंका है। आंध्र प्रदेश के तटों पर बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। साथ ही उत्तरी कर्नाटक के पास एक सर्कुलेशन बना हुआ है। इन सिस्टमों के चलते तटीय आंध्र प्रदेश, तटीय कर्नाटक और उत्तरी केरल के कुछ हिस्सों में भीषण बारिश की संभावना है। आंतरिक कर्नाटक, रायलसीमा, तमिलनाडु और तेलंगाना में भी कुछ स्थानों पर अच्छी वर्षा के आसार हैं। कह सकते हैं चेन्नई, बेंगलुरु और हैदराबाद में मध्यम बारिश होगी जबकि कन्नूर, मंगलौर और कारवार में भारी बारिश हो सकती है।

मध्य भारत में, दक्षिणी कोंकण गोवा के साथ-साथ मध्य महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश संभव है। महाराष्ट्र के बाकी हिस्सों और छत्तीसगढ़ में मध्यम बौछारें गिर सकती हैं। मध्य भारत के बाकी हिस्सों में आंशिक बादल छा सकते हैं। दक्षिण-पूर्वी मध्य प्रदेश में खासकर जबलपुर, बालाघाट और आसपास के शहरों में हल्की बारिश हो सकती है। लेकिन गुजरात, राजस्थान और उत्तर-पश्चिमी मध्य प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा।

Click the image below to see the live lightning and thunderstorm across IndiaRain in India

पूर्वी भारत में दक्षिणी ओडिशा में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। ओडिशा के बाकी भागों के साथ दक्षिणी बिहार, झारखंड और गंगीय पश्चिम बंगाल में हल्की से मध्यम बौछारें गिरने के आसार हैं। पूर्वोत्तर भारत में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश से अधिक की उम्मीद नहीं कर सकते हैं।

उत्तरी भागों में जम्मू और कश्मीर के पास अभी भी एक पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है। इसके चलते जम्मू-कश्मीर के ऊपरी हिस्सों हल्की वर्षा या बर्फबारी हो सकती है। हिमाचल प्रदेश में भी कहीं-कहीं हल्की वर्षा के आसार हैं। जबकि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर समेत उत्तर-पश्चिम भारत में मौसम शुष्क रहेगा। दिल्ली में प्रदूषण का प्रभाव बना रहेगा।

Any information taken from here should be credited to skymetweather.com

author image