बर्फीली वादियों में खेलों का महासंग्राम, खेलो इंडिया विंटर गेम्स 2025 के दूसरे चरण की मेजबानी करेगा गुलमर्ग
खेलो इंडिया विंटर गेम्स का 5वां संस्करण 22 से 25 फरवरी 2025 तक जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग में आयोजित होगा। इस प्रतियोगिता में अल्पाइन स्कीइंग, नॉर्डिक स्कीइंग, स्काई माउंटेनियरिंग और स्नोबोर्डिंग जैसे रोमांचक खेल होंगे। देशभर से 1000 से अधिक एथलीट और खिलाड़ियों के इस आयोजन में भाग लेने की उम्मीद है। खेलों की शुरुआत 22 फरवरी को एक भव्य उद्घाटन समारोह के साथ होगी। 25 फरवरी को पदक वितरण और सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ समापन होगा।
बर्फबारी की कमी से आयोजन पर संकट
कश्मीर घाटी में इस साल बर्फबारी की भारी कमी ने आयोजन को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पिछले साल भी अपर्याप्त बर्फबारी के कारण खेलों को स्थगित करने का खतरा मंडराया था। इस साल भी उत्तरी पहाड़ों में बर्फबारी की भारी कमी दर्ज की गई है। जनवरी 2025 में जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 88% बर्फबारी की कमी दर्ज की गई थी। हालांकि, फरवरी की शुरुआत में स्थिति थोड़ी सुधरी है। 1 से 13 फरवरी 2025 तक यह कमी 80% रह गई है। फरवरी में अब तक 60% कम बर्फबारी दर्ज की गई है, लेकिन बर्फ की परत अब भी आयोजनों के लिए आवश्यक स्तर से काफी कम है।
Advertisement
Advertisement
आशा की किरण – पश्चिमी विक्षोभ से राहत की उम्मीद
हालांकि, आगामी सप्ताह में उत्तरी पहाड़ों के लिए अच्छी खबर आ सकती है। 18 फरवरी 2025 को पश्चिमी हिमालय पर एक पश्चिमी विक्षोभ के पहुंचने की संभावना है, जो 20 फरवरी तक प्रभावी रहेगा। इसके अलावा, खेलों के दौरान एक और हल्का पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। इन लगातार आने वाली मौसम प्रणालियों से पहाड़ों पर बर्फ की गहराई बढ़ने की संभावना है, जो आउटडोर खेलों के लिए बहुत जरूरी है। अगर ये मौसम प्रणाली उम्मीद के अनुसार एक्टिव होती हैं, तो गुलमर्ग में खेलों का आयोजन सुचारू रूप से हो सकेगा।
















