दिल्ली में दिन-रात का पारा चढ़ने के आसार, मौसम रहेगा शुष्क

Mar 5, 2025, 1:30 PM | Skymet Weather Team
thumbnail image

दिल्ली में पिछले एक सप्ताह से दिन और रात के तापमान में भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। 26 फरवरी 2025 को दिल्ली में अधिकतम तापमान 32.4°C तक पहुंच गया था, जो इस सीजन का सबसे अधिक था। लेकिन अगले ही दिन यानी 27 फरवरी को गिरकर 25°C हो गया। इसी तरह न्यूनतम तापमान 27 फरवरी को 19.5°C दर्ज किया गया, जो पिछले 74 वर्षों में सबसे अधिक था, लेकिन 3 मार्च 2025 को यह गिरकर 9.6°C तक आ गया। हालांकि, अब दिन और रात का तापमान जल्दी बढ़ने की संभावना है। आगामी एक सप्ताह तक राष्ट्रीय राजधानी में मौसम शुष्क बना रहने के आसार हैं।

तेज ठंडी हवाएं चलने से तापमान कम

सफदरजंग स्थित बेस स्टेशन में दिल्ली का 4 मार्च यानी कल का अधिकतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस और आज सुबह न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। तेज सतही हवाओं के कारण आज दिन के तापमान में काफी गिरावट आने की संभावना है। तेज़ हवाएँ गर्मी को कम कर देती हैं और इसलिए आज अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुँच सकता है। अगले दो दिनों तक तेज हवाएं चलने से तापमान कम ही रहेगा।

पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव, हवाएं होगी धीमी

उत्तर भारत में 9 मार्च को एक पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) आने की संभावना है। हालांकि, इसका प्रभाव केवल पहाड़ी क्षेत्रों और अधिकतम पंजाब के तराई क्षेत्रों तक सीमित रहेगा। यह मौसम प्रणाली 9 से 11 मार्च के बीच पहाड़ों पर अपना असर दिखाएगी। इसके तुरंत बाद 12 मार्च को एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जो 15 मार्च 2025 तक रहेगा। यह मौसम प्रणाली का असर थोड़ा ज्यादा रहेगा। इन लगातार दो पश्चिमी विक्षोभों के कारण दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में तापमान परिवर्तन देखने को मिलेगा और हवाओं की गति धीमी हो जाएगी।

दिल्ली में तापमान बढ़ने के आसार

8 से 10 मार्च के बीच दिल्ली में अधिकतम तापमान बढ़कर 30°C तक पहुंच सकता है। अगले सप्ताह तापमान में ज्यादा बढ़ोत्तरी होगी और11 से 13 मार्च के बीच राजधानी का तापमान 32°C से अधिक हो सकता है, जो इस सीजन का सबसे अधिक तापमान होगा। न्यूनतम तापमान भी कल 6 मार्च से बढ़ने लगेगा। इस वीकेंड तक न्यूनतम तापमान 15°C तक पहुंच सकता है और अगले सप्ताह के दौरान और अधिक बढ़ सकता है।

होलिका दहन के आसपास मौसम में बदलाव संभव

अगले एक सप्ताह तक बारिश की कोई संभावना नहीं है। हालांकि, होली के आसपास मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है, लेकिन अभी इस पर कोई निश्चित भविष्यवाणी करना जल्दबाजी होगी।

Similar Articles