Delhi Weather: बढ़ेगा दिल्ली का तापमान, इस हफ्ते रहेगा सूखा और गर्म मौसम

By: Skymet team | Edited By:
Mar 3, 2025, 12:45 PM
WhatsApp icon
thumbnail image

दिल्ली में सर्दी के दोनों महीनें जनवरी और फरवरी में बहुत कम बारिश हुई है। जिसमें जनवरी में 6.5 मिमी और फरवरी में 1.4 बारिश दर्ज हुई है। जबकि इन दोनों महीनों में सामान्य बारिश 19.2 मिमी और 21.5 मिमी होती है। मार्च के पहले दिन 2 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि मार्च का मासिक औसत 19.1 मिमी है। इस सप्ताह दिल्ली में शुष्क मौसम रहने की संभावना है। जिसके कारण दिन का तापमान बढ़ सकता है। आज भी दिल्ली में हल्की हवा चलने के साथ तापमान 30°C या इससे अधिक हो सकता है।

मार्च में बढ़ने लगता है तापमान:

मार्च का महीना सर्दी से बसंत में परिवर्तन का दौर होता है और इसके बाद प्री-मानसून सीजन की शुरुआत होती है। मार्च में तापमान तेजी से बढ़ता है, विशेष रूप से महीने के दूसरे भाग में। औसतन, मार्च का तापमान फरवरी की तुलना में करीब 6°C अधिक होता है। आमतौर पर, मार्च के आखिरी सप्ताह में अधिकतम तापमान 38-39°C तक पहुंच जाता है। दिल्ली के सफदरजंग बेस स्टेशन ने 30 मार्च 2021 को 40.1°C दर्ज किया था, जो 2009 के बाद से मार्च में सबसे अधिक तापमान था।

पहाड़ों पर बर्फबारी, मैदानी इलाकों पर असर नहीं:

फरवरी के आखिरी सप्ताह में उत्तरी पहाड़ों पर लगातार पश्चिमी विक्षोभ आए, जिससे पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी की कमी कुछ हद तक पूरी हो गई। जम्मू-कश्मीर और उसके आसपास के इलाकों में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। हालांकि, मौसमी गतिविधियाँ पहाड़ों, तलहटी इलाकों, पंजाब और हरियाणा के उत्तरी इलाकों तक ही सीमित रहेंगी। दिल्ली इस मौसम प्रणाली( पश्चिमी विक्षोभ) के बाहरी क्षेत्र से दूर दक्षिण में स्थित है। इसीलिए इस मौसम प्रणाली का दिल्ली-एनसीआर पर कोई खास असर नहीं होगा। मौजूदा पश्चिमी विक्षोभ कल 4 मार्च को क्षेत्र से बाहर निकल जाएगा, जिसके बाद अगले 5-6 दिनों तक उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में शुष्क मौसम बने रहने की संभावना है।

दिल्ली में तापमान में उतार-चढ़ाव:

दिल्ली में इस सप्ताह मौसम साफ और धूप खिली रहेगी, जिससे दिन और रात के तापमान में बढ़ोत्तरी होगी। आज दिल्ली में इस साल दूसरी बार तापमान 30°C को पार कर सकता है। पश्चिमी विक्षोभ के हटने के बाद कल 4 मार्च और परसों 5 मार्च को सतही हवाएँ तेज हो जाएंगी। जिससे गर्मी की तीव्रता थोड़ी कम होगी और तापमान घटकर लगभग 27°C या इसके आसपास तक आ सकता है। हालांकि, मध्य सप्ताह के बाद फिर से तापमान बढ़ेगा और सप्ताहांत तक तापमान 30°C को पार कर सकता है। अगले सप्ताह की शुरुआत में तापमान में ज्यादा बढ़ने की संभावना है।

author image
Skymet team

डिस्क्लेमर: यह जानकारी स्काइमेट की पूर्वानुमान टीम द्वारा किए गए मौसम और जलवायु विश्लेषण पर आधारित है। हम वैज्ञानिक रूप से सही जानकारी देने का प्रयास करते हैं, लेकिन बदलती वायुमंडलीय स्थितियों के कारण मौसम में बदलाव संभव है। यह केवल सूचना के लिए है, इसे पूरी तरह निश्चित भविष्यवाणी न मानें।

Skymet भारत की सबसे बेहतर और सटीक निजी मौसम पूर्वानुमान और जलवायु इंटेलिजेंस कंपनी है, जो देशभर में विश्वसनीय मौसम डेटा, मानसून अपडेट और कृषि जोखिम प्रबंधन समाधान प्रदान करती है