धूल भरी आँधी और बारिश स बदला दिल्ली-एनसीआर का मौसम, कम हुई गर्मी लेकिन आज-कल बारिश की संभावना
दिल्ली-एनसीआर में बीते शाम तेज धूल भरी आंधी ने कहर बरपाया। तेज़ हवाओं के साथ उठी धूल ने दृश्यता (विज़िबिलिटी) को कुछ सौ मीटर तक सीमित कर दिया। गरज-चमक के साथ बिजली की कौंध ने वातावरण को और डरावना बना दिया। इस दौरान कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी दर्ज की गई। सफदरजंग, लोधी रोड, आयानगर और रिज में नाममात्र (trace) बारिश रिकॉर्ड हुई, जबकि पीतमपुरा में 1 मिमी और मयूर विहार में 5 मिमी की अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई।
तापमान में भारी गिरावट, लू से राहत
इस धूल भरी आँधी और छिटपुट बारिश के कारण तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई। सफदरजंग, पालम और लोधी रोड जैसे इलाकों में अधिकतम तापमान 40°C से नीचे रहा, जिससे लू की स्थिति फिलहाल समाप्त हो गई। पिछले दो दिनों से जो रात का तापमान बढ़ रहा था, उसमें भी राहत मिली है। क्योंकि न्यूनतम तापमान 21°C से 22°C तक गिर गया है, जो कि सामान्य सीमा के आसपास है।
मौसम प्रणाली का असर: पंजाब से यूपी तक फैला सिस्टम
एक पश्चिमी विक्षोभ इस समय उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों के ऊपर ऊपरी वायुमंडल में सक्रिय है। इसके साथ ही एक प्रेरित चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र (induced cyclonic circulation) पंजाब और उत्तर राजस्थान के ऊपर बना हुआ है। इसी सिस्टम से एक पूर्व-पश्चिम ट्रफ (East-West Trough) हरियाणा, दिल्ली होते हुए उत्तर प्रदेश तक फैला हुआ है। इस प्रणाली के असर से पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में बारिश दर्ज की गई है।
अगले दो दिन और बारिश की संभावना
इन मौसमी प्रणालियों के सम्मिलित प्रभाव से आज और कल (11-12 अप्रैल) को दिल्ली और आस-पास के इलाकों में और पूर्व-मानसून बारिश हो सकती है। रविवार (13 अप्रैल) से मौसम में व्यापक सुधार की उम्मीद है। इस दौरान अधिकतम तापमान 35°C के आसपास रहेगा और 40°C से नीचे बना रहेगा। न्यूनतम तापमान भी लगभग 20°C के करीब रहेगा, जिससे मौसम सुहावना और आरामदायक बना रहेगा। 14 अप्रैल तक लू की कोई स्थिति नहीं होगी।
अगले सप्ताह फिर से गर्मी का जोर
हालांकि 13 अप्रैल के बाद दिल्ली को गर्मी से कुछ राहत मिलेगी, लेकिन अगले हफ्ते यानी 16 और 17 अप्रैल को पारा फिर से बढ़कर 41°C से 42°C तक पहुंच सकता है। अगले वीकेंड यानी 18 से 20 अप्रैल के बीच राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में हल्की बारिश की संभावना एक बार फिर बन सकती है।







