दिल्ली में गर्म दिनों की हैट्रिक, कल-परसों बारिश की संभावना

By: skymet team | Edited By: skymet team
Jan 21, 2025, 6:07 PM
WhatsApp icon
thumbnail image

दिल्ली में गर्म मौसम, फोटो: Canva

दिल्ली में गर्म दिन दर्ज किए जा रहे हैं। जनवरी 2025 का महीना अब तक सामान्य से अधिक गर्म रहा है। सफदरजंग बेस वेधशाला में कल दिन का अधिकतम तापमान 24.5°C दर्ज किया गया, जो सामान्य तापमान से लगभग 5°C अधिक है। इसी प्रकार के तापमान दिल्ली के अन्य हिस्सों में भी दर्ज किए गए है। इससे पहले रविवार, 19 जनवरी को राजधानी का अधिकतम तापमान 26.1°C दर्ज किया गया था। जो सामान्य से लगभग 6.5°C अधिक था और पिछले 6 वर्षों में जनवरी का सबसे अधिक तापमान भी था। वहीं, 21 जनवरी 2019 को अधिकतम तापमान 28.7°C रिकॉर्ड हुआ था। आज भी दिल्ली में दिन का अधिकतम तापमान 24°C के आसपास पहुंचने की संभावना है, जिससे लगातार तीसरे दिन गर्म मौसम रहेगा।

गर्म मौसम के कारण: दिल्ली में इस समय गर्म मौसम का मुख्य कारण मैदानों में किसी भी प्रकार के मौसमी सिस्टम का नहीं होना है। बीते कुछ दिनों से अच्छी धूप निकल रही है। शहर के लगभग सभी हिस्सों से घना कोहरा गायब हो गया है, जिससे पूरे शहर में दृश्यता अच्छी बनी हुई है। उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों पर पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने से हवाओं की गति धीमी हो गई है। इसलिए साफ आसमान, धीमी हवाएं और कोहरा नहीं होने के कारण दिन में तापमान बढ़ने लगा है।

पश्चिमी विक्षोभ और बारिश की संभावना: वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर पाकिस्तान क्षेत्र में सक्रिय है। साथ ही, निचले स्तरों में पश्चिम राजस्थान पर एक प्रेरित चक्रवातीय परिसंचरण चिह्नित है। यह पश्चिमी विक्षोभ 22 और 23 जनवरी 2025 को पर्वतीय क्षेत्रों को प्रभावित करेगा। यह परिसंचरण कल 22 जनवरी को उत्तर-पूर्व राजस्थान, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के आसपास के हिस्सों में पहुंचेगा और अगले दिन 23 जनवरी को पश्चिम उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के तराई क्षेत्रों की ओर बढ़ेगा।

इन दिन होगा मौसम साफ: इन दोनों मौसम प्रणालियों के संयुक्त असर से दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में 22 और 23 जनवरी 2025 को बारिश होने की संभावना है। पिछले दो मौकों की तरह, बारि 22 जनवरी को देर रात से शुरू होगी। 23 जनवरी की सुबह और दोपहर के समय रुक-रुक कर बारिश और गरज-चमक हो सकती है। वहीं, 23 जनवरी की शाम और रात तक मौसम साफ होने लगेगा।

तापमान में गिरावट और घने कोहरे की वापसी: 23 जनवरी के बाद दिन का तापमान 20°C से नीचे चला जाएगा। हालांकि, अगले तीन दिनों तक न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर और दो अंकों में रहेगा। इसके बाद तापमान में गिरावट होगी। बारिश के खत्म होने के बाद 24 जनवरी और उसके बाद फिर से घना कोहरा वापस छा सकता है।

author image

डिस्क्लेमर: यह जानकारी स्काइमेट की पूर्वानुमान टीम द्वारा किए गए मौसम और जलवायु विश्लेषण पर आधारित है। हम वैज्ञानिक रूप से सही जानकारी देने का प्रयास करते हैं, लेकिन बदलती वायुमंडलीय स्थितियों के कारण मौसम में बदलाव संभव है। यह केवल सूचना के लिए है, इसे पूरी तरह निश्चित भविष्यवाणी न मानें।

Skymet भारत की सबसे बेहतर और सटीक निजी मौसम पूर्वानुमान और जलवायु इंटेलिजेंस कंपनी है, जो देशभर में विश्वसनीय मौसम डेटा, मानसून अपडेट और कृषि जोखिम प्रबंधन समाधान प्रदान करती है