गर्मी की हैट्रिक: पुणे में लगातार तीसरे दिन हीटवेव का कहर, गर्मी से फिलहाल राहत नहीं
Apr 25, 2025, 4:15 PM | Skymet Weather Teamमहाराष्ट्र के भू-आवृत्त (landlocked) उपविभाग, विशेष रूप से विदर्भ और मराठवाड़ा इन दिनों जबरदस्त गर्मी की चपेट में हैं। नागपुर, वर्धा और अमरावती में पारा 44°C को पार कर गया है, वहीं चंद्रपुर और अकोला में सतही तापमान 45°C से ऊपर चला गया। पूरे देश में सबसे ज्यादा तापमान ब्रह्मपुरी में दर्ज किया गया, जहां पारा 45.9°C तक पहुंच गया। फिलहाल इस भीषण गर्मी से तत्काल राहत की कोई संभावना नहीं है।
पुणे में लगातार तीसरे दिन हीटवेव
मध्य महाराष्ट्र में भी तापमान ने तेजी से उछाल मारा है, हालांकि विदर्भ और मराठवाड़ा की तुलना में यह कुछ कम रहा है। जलगांव, मालेगांव, नंदुरबार और जिउर में पिछले 24 घंटों में तापमान 43°C के पार पहुंच गया। वहीं, कोंकण तट के करीब और पश्चिमी घाट की पिछली ओर स्थित पुणे में लू का कहर लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। पुणे के लोहगांव हवाई अड्डा वेधशाला में लगातार तीसरे दिन पारा 43 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया। जिसमें पहले दिन 22 अप्रैल को 43.2°C, 23 अप्रैल को 43.6°C और तीसरे दिन 43.2°C तापमान दर्ज किया गया है, जो सामान्य से 5°C अधिक है। ये तापमान इस सीजन के सबसे अधिक हैं जो को लू की स्थिति बना रहे हैं। वहीं, संभावना है कि आज पारा 44°C तक पहुंच सकता है।
गर्म हवाओं की मार, पुणे बना तपता शहर
कोंकण और मध्य महाराष्ट्र में लगातार गर्म हवाएं बह रही हैं। सिंध-पाकिस्तान और गुजरात से चल रही उत्तर-पश्चिमी हवाएं, मध्य महाराष्ट्र के शुष्क क्षेत्रों से उत्तर की ओर मुड़ती हैं और पश्चिमी घाट की ढलान से होते हुए अरब सागर में उत्तर-पूर्वी धारा के रूप में मिलती हैं। इन शुष्क और झुलसाने वाली हवाओं ने पुणे को भी भीषण गर्मी की गिरफ्त में ले लिया है। आने वाले वीकेंड तक मौसम के इस पैटर्न में कोई बदलाव नहीं दिख रहा है और लू की स्थिति बनी रहने की संभावना है।
प्री-मानसून बारिश का इंतज़ार जारी, फिलहाल राहत नहीं
पुणे में अप्रैल और मई के महीने में 40°C से अधिक तापमान सामान्य बात मानी जाती है। अक्सर यह गर्मी कुछ छिटपुट प्री-मानसून बौछारों से थम जाती है, लेकिन इस बार पिछले तीन हफ्तों से कोई बारिश देखने को नहीं मिली है। आगामी एक सप्ताह तक भी कोई प्री-मानसून बारिश होने की संभावना नहीं है, जिससे गर्मी बनी रहने की उम्मीद है।
महाराष्ट्र के अधिकांश हिस्से खासकर विदर्भ, मराठवाड़ा, मध्य महाराष्ट्र और पुणे भीषण गर्मी से जूझ रहे हैं। गर्म हवाएं और प्री-मानसून की कमी ने हालात और खराब कर दिए हैं। आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ सकता है, जिससे स्वास्थ्य पर असर और जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।