दिल्ली में बढ़ेगी गर्मी! शुष्क और तपता रहेगा वीकेंड, बारिश की संभावना हुई कम

By: Skymet team | Edited By:
Mar 20, 2025, 1:16 PM
WhatsApp icon
thumbnail image

दिल्ली में बढ़ेगी गर्मी, प्रतीकात्मक फोटो

दिल्ली का तापमान पिछले तीन दिनों में लगातार बढ़ा है और इस दौरान तापमान में लगभग 4°C की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। राजधानी के बेस स्टेशन सफदरजंग में अधिकतम तापमान 32.8°C रिकॉर्ड किया, जो सामान्य से 1.5°C अधिक है। न्यूनतम तापमान भी बढ़कर 15°C हो गया है, लेकिन यह अब भी सामान्य से 1.5°C कम है।

अब दिल्ली में नहीं होगी बारिश

पहाड़ों पर बने पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण तापमान में बढ़ोत्तरी हुई है। यह पश्चिमी विक्षोभ कल तक आगे बढ़ जाएगा, जिससे अगले तीन दिनों तक तापमान स्थिर और गर्म बना रहेगा। दिल्ली-एनसीआर में आज अधिकतम तापमान 34°C से 35°C के बीच रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान बढ़कर 17°C तक पहुंच सकता है। अगले सप्ताह दिन का तापमान तेजी से बढ़ने की संभावना है। पहले अनुमान था कि आज रात या कल हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन अब इसकी संभावना बहुत कम हो गई है।

मार्च का महीना अब तक लगभग शुष्क

अब तक मार्च का महीना लगभग शुष्क ही रहा है। सामान्य रूप से इस महीने में 19.1 मिमी वर्षा होती है, लेकिन इस साल अब तक सिर्फ 2 मिमी बारिश हुई है, जो कि मार्च की शुरुआत में दर्ज की गई थी। मार्च के बाकी बचे दिनों में बारिश की संभावना न के बराबर है। शुष्क मौसम के कारण गर्मी बढ़ेगी और 26 से 28 मार्च के बीच तापमान तेजी से बढ़ सकता है। हालांकि, तापमान 40°C के स्तर तक नहीं पहुंचेगा, लेकिन इसके बेहद करीब होगा।

पश्चिमी विक्षोभ और तापमान वृद्धि पर प्रभाव

25 से 28 मार्च के बीच एक पश्चिमी विक्षोभ पहाड़ों से गुजरने की संभावना है। 26 और 27 मार्च को इसका असर मध्य और निचले पहाड़ी इलाकों और तराई क्षेत्रों में अधिक रहेगा। हालांकि, इस दौरान उत्तर भारत के मैदानी क्षेत्रों सहित दिल्ली में बारिश नहीं होने के आसार हैं। इस पश्चिमी विक्षोभ के कारण हवा की दिशा में बदलाव होगा, जिससे पूरे क्षेत्र में तापमान बढ़ेगा।

इन क्षेत्रों में पहुंचा पारा 40°C करीब

अमृतसर, भटिंडा, लुधियाना, संगरूर, हिसार, नारनौल, सिरसा और दिल्ली में 26 से 28 मार्च के बीच तापमान 40°C के करीब पहुंच सकता है। यह संकेत है कि गर्मी ने अब अपनी पकड़ मजबूत कर ली है और आने वाले दिनों में तापमान में और वृद्धि होने की संभावना है।

author image
Skymet team

डिस्क्लेमर: डिस्कलेमर- यह विश्लेषण स्काइमेट के मौसम संबंधी आंकड़ों, आंतरिक पूर्वानुमान मॉडल, मौसम केंद्रों से प्राप्त जानकारी, जलवायु संबंधी डेटा और स्काइमेट की मौसम विशेषज्ञ टीम के आकलन पर आधारित है। सटीक जानकारी देने का पूरा प्रयास किया गया है, लेकिन मौसम लगातार बदलने वाली प्राकृतिक प्रक्रिया है, इसलिए परिस्थितियां समय के साथ बदल सकती हैं। यह जानकारी केवल सामान्य सूचना के उद्देश्य से दी गई है और इसे अंतिम या पूरी तरह निश्चित मौसम पूर्वानुमान नहीं माना जाना चाहिए।

Skymet भारत की सबसे बेहतर और सटीक निजी मौसम पूर्वानुमान और जलवायु इंटेलिजेंस कंपनी है, जो देशभर में विश्वसनीय मौसम डेटा, मानसून अपडेट और कृषि जोखिम प्रबंधन समाधान प्रदान करती है

Suggested Resources