[Hindi] दिल्ली-एनसीआर में 12 फरवरी से बरसेंगे बादल, फिलहाल कल से साफ मौसम

February 7, 2018 7:32 PM | Skymet Weather Team

दिल्ली सहित उत्तर भारत के मैदानी भागों में बुधवार को पारा तेज़ी से नीचे आया और कड़ाके की ठंडक ने लोगों को हिलाकर रख दिया। अब मौसम अपने पुराने रंग में लौट रहा है। तापमान में वृद्धि शुरू होगी। हालांकि कल सुबह तक न्यूनतम तापमान सामान्य से कुछ कम 8 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है। उसके बाद से पारा ऊपर जाएगा।

राजस्थानी दिल्ली और आसपास के शहरों नोएडा, गाज़ियाबाद, फ़रीदाबाद और गुरुग्राम में इस समय मध्य गति से शुष्क उत्तर-पश्चिमी हवाएँ चल रही हैं। इन हवाओं की रफ्तार आने वाले 2-3 दिनों तक इसी तरह बनी रहेगी। कल दोपहर बाद से आसमान भी साफ हो जाएगा जिसके चलते दिन के तापमान में हल्की वृद्धि दर्ज की जाएगी। पिछले 24 घंटों के दौरान दिल्ली में अधिकतम तापमान 24.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

[yuzo_related]

स्काइमेट के मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले 2-3 दिनों के दौरान राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में न्यूनतम तापमान 8 से 9 डिग्री सेल्सियस और दिन का तापमान बढ़कर 24 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया जा सकता है। शुष्क हवाओं और साफ आसमान के बीच कोहरा भी अब नहीं दिखेगा। दिल्ली को परेशान करने वाले प्रदूषण में भी कमी रहेगी और हवा की गुणवत्ता अपेक्षाकृत बेहतर बनी रहेगी। दिल्ली में गरज और वर्षा वाले बादलों की ताज़ा स्थिति जानने के लिए नीचे दिए गए मैप पर क्लिक करें।

इस बीच दिल्ली के लिए हमारे पास अच्छी ख़बर यह है कि 11 फरवरी से दिल्ली में फिर से बादल छाएंगे। उसके बाद 12 और 13 फरवरी को दिल्ली तथा इससे सटे शहरों में गरज के साथ हल्की वर्षा कुछ स्थानों पर देखने को मिलेगी। बारिश होने और बादल छाने के चलते उस दौरान फिर से दिन के तापमान में लगाम लगेगी और यह गिरकर सामान्य से नीचे पहुँच जाएगा। यानि राष्ट्रीय राजधानी में अगले सप्ताह की शुरुआत बारिश और ठंडे मौसम के साथ होने की संभावना है।

Image credit: ZeeNews

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

 

 

OTHER LATEST STORIES