[Hindi] सावधान: उत्तर प्रदेश में फिर बदलने वाला है मौसम, राज्य में बारिश के आसार, बदलते मौसम में बीमार पड़ रहे लोग

October 18, 2019 2:28 PM | Skymet Weather Team

प्रदेश में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है। खासतौर पर, पूर्वी उत्तर प्रदेश में अगले तीन-चार दिन तक बादलों की आवाजाही के साथ हल्की बारिश के आसार है। राजधानी में भी शनिवार यानि 19 अक्टूबर को बादलों की आवाजाही रहेगी। जिसकी वजह से तापमान में कमी देखने को मिलेगी।

पूर्वी हवाएं जोर पकडेंगी

स्काइमेट के मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, मौसम के मिजाज में यह परिवर्तन हवा में बदलाव के चलते होगा। शुक्रवार यानि आज से से पूर्वी हवाएं जोर पकड़ेंगी, जिससे वायुमंडल में नमी बढ़ेगी और राज्य में इस समय चल रही उत्तरी पश्चिमी हवाएं थम जाएंगी। हालांकि, इसका प्रभाव तीन-चार दिन ही रहने का अनुमान है। इसके बाद मौसम साफ हो जाएगा।

32.8 पर पहुंचा पारा

गुरुवार को अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य रहा। न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 22.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। शुक्रवार को मौसम मुख्यत: साफ रहेगा। सुबह के समय धूप में तेजी रही, वहीं बाद में धूप में कमी रही।

बदलते मौसम से बीमार हो रहे लोग

मौसम लगातार करवट ले रहा है। गर्मी जा रही है और ठंड आ रही है। जिससे छोटे बच्चे सहित लगभग हर उम्र के लोग बीमार पड़ने लगे हैं। वायरल फीवर और खांसी के अलावा चिकन पॉक्स से भी बच्चे पीड़ित होने लगे हैं। इन सब के अलावा, अस्थमा रोगियों की भी संख्या में भी एकाएक इजाफा होने लगा है।

सावधानी की जरूरत

इसके अलावा वायर फीवर, खांसी के मरीजों में भी इजाफा हुआ है। डॉक्टरों के अनुसार, चिकन पॉक्स और वायरल फैलने वाली बीमारी है। ऐसी स्थिति में एक दूसरे को छूने और साथ रहने से बच्चा बीमार पड़ सकता है। इसके लिए लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतनी है। यदि बड़े लोगों को वायरल आदि होता है तो वह बच्चों से दूर रहें। चिकन पॉक्स वाले बच्चों को बेड रेस्ट कराएं और स्कूल नहीं भेजें। बदल रहे मौसम में बच्चों को ठंड से बचाना जरूरी है।

Image credit: The Hans India

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें। 

OTHER LATEST STORIES