[Hindi] फिर से हावी दिल्ली की सर्दी; 2 मार्च से बारिश करेगी वापसी

February 28, 2019 12:52 PM | Skymet Weather Team

दिल्ली की सर्दी इस बार विदा होने का नाम नहीं ले रही है। फरवरी के आखिर में आमतौर पर सर्दी में व्यापक कमी आनी शुरू हो जाती है, लेकिन इस बार ऐसा होता दिखाई नहीं दे रहा है। इस समय दिल्ली में दिन और रात के तापमान सामान्य से 6 डिग्री सेल्सियस नीचे चल रहे हैं। 28 फरवरी को न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। आज इसमें कुछ वृद्धि होगी और यह 22 डिग्री के आसपास रिकॉर्ड किया जा सकता है।

Also read this in English : Dry Weather In Delhi, NCR Likely; Rains To Begin From March 2

इस समय पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों तक मौसम शुष्क हो गया है। पहाड़ों पर पिछले दिनों हुई बर्फबारी के बाद अब ठंडी उत्तर-पश्चिमी हवाएँ चल रही हैं। इन्हीं हवाओं के कारण राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली, नोएडा, गाज़ियाबाद, गुरुग्राम, फ़रीदाबाद में न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट आई है। अगले 24 से 48 घंटों तक हालात ऐसे ही बने रहेंगे। हालांकि इस दौरान दिन के तापमान में क्रमशः वृद्धि होगी। जबकि रात का तापमान अगले दो दिनों तक 7 डिग्री के आसपास ही बना रहेगा।

फिर से आएगी बारिश

अनुमान है कि 2 मार्च को मौसम फिर से करवट ले सकता है। फिर से दो दिन बारिश देखने को मिल सकती है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार एक पश्चिमी विक्षोभ जम्मू कश्मीर के पास 2 मार्च को आएगा। इसके प्रभाव से पंजाब और हरियाणा पर एक चक्रवाती सिस्टम विकसित होगा और एक ट्रफ गंगा के मैदानी इलाकों पर बनेगी।

इन मौसमी सिस्टमों के चलते 2 मार्च से बादलों का जमघट दिल्ली के आसमान पर भी लगेगा। बारिश के रूप में मौसम में हलचल दोपहर बाद या शाम के समय शुरू होगी। माना जा रहा है कि इस बार दो दिनों तक बारिश का दौर चलेगा। दो और तीन मार्च को कुछ स्थानों पर बादलों की गर्जना के साथ हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिलेगी। कुछ हिस्सों पर फिर से ओले गिर सकते हैं। उसके बाद गतिविधियां कम हो जाएंगी लेकिन चार मार्च को भी कहीं-कहीं हल्की बौछारें गिरने की संभावना बनी रहेगी।

इस बार फरवरी महीने में सामान्य से काफी ज़्यादा बारिश हुई है। अगर इस साल के बारिश के आंकड़े देखें तो 1 जनवरी से 28 फरवरी तक दिल्ली में जितनी बारिश आमतौर पर होती है उससे 87% अधिक 58 मिलीमीटर वर्षा हुई है। फरवरी में एक रोचक बात यह भी देखने को मिली है कि ऐसा कोई सप्ताह नहीं गुजरा जब दिल्ली में वर्षा ना हुई हो। मार्च का आरंभ भी इसी तर्ज़ पर हो रहा है।

Image credit: PTC News

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

 

 

OTHER LATEST STORIES