[Hindi] दिल्ली में बारिश के चलते शीतल मौसम के बीच मनेगी होली

March 9, 2017 1:52 PM | Skymet Weather Team

भारत के प्रमुख त्योहारों में से एक होली की महक कई दिनों पहले से फिज़ाओं में महसूस की जाने लगती है। रंगों के इस खूबसूरत पर्व को प्रेम और सौहार्द के प्रतीक के रूप में देखा जाता है। इस बीच बीते दिनों की गर्मी से दिल्ली वालों को उम्मीद रही होगी कि इस होली जमकर होगा हुड़दंग। पानी में घुले रंगों की बौछार होगी लेकिन हाल ही में मौसम ने करवट ली है जिससे आप अधिक पानी का इस्तेमाल नहीं कर पाएंगे।

आपको बता दें कि आने वाले 2-3 दिनों तक दिल्ली और आसपास के भागों में बादल छाए रहेंगे। रूक-रूक कर बारिश होगी जिससे तापमान में गिरावट होगी। पश्चिमी और उत्तर-पश्चिमी दिशा से हवाएँ भी चलेंगी। इन बदलावों के चलते तापमान में अच्छी ख़ासी गिरावट दर्ज की जाएगी।

बीते 48 घंटों से राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गरज के साथ हल्की बौछारें देखने को मिल रही हैं। इस समय एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत में जम्मू कश्मीर के पास बना हुआ है। इसके अलावा एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र उत्तर-पूर्वी राजस्थान तथा उससे सटे हरियाणा पर देखा जा सकता है। इसके अलावा एक ट्रफ चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र से पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक विकसित हो गई है। इन सिस्टमों के प्रभाव से उत्तर भारत के पर्वतीय राज्यों से लेकर मैदानी भागों तक मौसम बदल गया है।.

स्काइमेट के प्रमुख मौसम विशेषज्ञ महेश पालावत के अनुसार 9 मार्च को दोपहर बाद या शाम के समय बादलों का प्रभाव बढ़ता हुआ दिखाई देगा। इसके चलते बृहस्पतिवार की रात में गरज के साथ हल्की बारिश दर्ज की जाएगी। बारिश 10 मार्च को बढ़ सकती है और कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम जबकि एक-दो जगह कुछ समय के लिए काफी तेज़ बारिश देखने को मिल सकती है। बारिश की गतिविधियों के बीच दिन के तापमान में व्यापक गिरावट दर्ज की जाएगी।

दिल्ली और असपास के भागों में 12 मार्च तक बारिश जारी रहने की संभावना है। उसके पश्चात मौसम शुष्क हो जाएगा। हालांकि मौसम साफ होने के बावजूद तापमान में तेज़ी से बढ़ोत्तरी नहीं होगी इसलिए 13 मार्च यानि होली का दिन शीतल और बेहद खुशनुमा बना रहेगा जो आपको पानी का अधिक इस्तेमाल नहीं करने देगा। 13 मार्च को अधिकतम तापमान 25 से 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

धीरे-धीरे न्यूनतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की जाएगी। सुबह के समय पारा 1-2 डिग्री नीचे जाएगा और 10 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया जा सकता है। हमारा अनुमान है कि बारिश के इस दौर के बाद राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 15 मार्च तक तापमान सामान्य से नीचे रहेगा जिसके चलते मौसम खुशनुमा बना रहेगा। 15 मार्च के बाद पारा धीरे-धीरे ऊपर जाएगा।

Image credit: Moviegalleri.ini

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

 

 

OTHER LATEST STORIES