[Hindi] पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश में गिरेगा पारा; सुबह बढ़ेगा धुंध का प्रभाव

October 30, 2017 5:00 PM | Skymet Weather Team

उत्तर भारत के मैदानी राज्यों में हवा में बदलाव के साथ सुबह की सर्दी में वृद्धि होने के आसार हैं। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में लंबे समय से दक्षिण-पूर्वी आर्द्र हवाएँ चल रही थीं जिसके चलते इन भागों में सुबह का तापमान सामान्य से ऊपर है। इसके अलावा आर्द्र हवाओं के प्रभाव से उत्तर भारत के मैदानी राज्यों में सुबह के समय धुंध और कुहासे के साथ प्रदूषण की मोटी चादर भी देखने को मिल रही है।

हवाओं में बदलाव के साथ तापमान में गिरावट शुरू हो गई है जिसके चलते उत्तरी पंजाब और इससे सटे हरियाणा के कुछ भागों में कुहासा और कहीं-कहीं कोहरे की शुरुआत हो गई है। उम्मीद की जा रही है कि अगले 24 घंटों में दक्षिण-पूर्वी हवाओं की जगह शुष्क उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलने लगेंगी। उत्तर पश्चिमी हवाओं के प्रभावी होते ही मैदानी राज्यों में न्यूनतम तापमान के नीचे जाने का क्रम शुरू होगा। साथ ही कुहासा और कोहरा भी कुछ भागों में बढ़ेगा।

[yuzo_related]

उत्तर-पश्चिम से आने वाली हवाएँ ठंडी और शुष्क होती हैं और इन हवाओं के चलने पर उत्तर भारत के मैदानी राज्यों में तापमान में गिरावट शुरू हो जाती है। इसके अलावा वातावरण में नमी कम होने से प्रदूषण से भी राहत मिलती है। लेकिन अगले 2-3 दिनों तक ऐसे मौसम की उम्मीद कम है क्योंकि हवा बदलने से न्यूनतम और अधिकतम तापमान में हल्की गिरावट भले होगी लेकिन प्रदूषण से राहत नहीं मिलेगी।

उत्तर भारत में गरज और वर्षा वाले बादलों की ताज़ा स्थिति जानने के लिए नीचे दिए गए मैप पर क्लिक करें।

पंजाब में अमृतसर से लेकर अंबाला, करनाल, चंडीगढ़, दिल्ली, गुरुग्राम, फ़रीदाबाद, गाजियाबाद, नोएडा और मेरठ सहित उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी भागों में अगले 2-3 दिनों के दौरान सुबह के साथ ही दिन के तापमान में भी हल्की गिरावट होगी। मौसम शुष्क रहेगा। सुबह के समय कुहासे और धुंध के साथ प्रदूषण भी प्रभावित करेगा। धुंध का असर दिन में बना रहेगा जिससे धूप तेज़ नहीं होगी।

Image credit: TopNews

कृपया ध्यान दें: स्का इमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

 

 

OTHER LATEST STORIES