[Hindi] दिल्ली-एनसीआर में आज हो सकती है अच्छी प्री-मॉनसून वर्षा

May 31, 2017 12:33 PM | Skymet Weather Team

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज अच्छी बारिश के संकेत हैं। उत्तर भारत में पंजाब पर बने एक चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र और यहाँ से पश्चिम बंगाल तक विस्तृत ट्रफ के प्रभाव से राजधानी दिल्ली और इससे सटे शहरों में दोपहर 12 बजे के बाद मौसम सक्रिय हो सकता है। दोपहर बाद शुरू होने वाली अच्छी बारिश की गतिविधियां शाम 4 बजे तक चल सकती हैं। प्री-मॉनसून वर्षा के चलते दिल्ली में आज का दिन खुशनुमा बना रहेगा।

स्काइमेट के मौसम विशेषज्ञों के अनुसार बारिश के साथ तेज़ हवाएँ भी चल सकती हैं। बारिश की गतिविधियां दोबारा शाम या रात को फिर से होंगी या नहीं यह दोपहर में होने वाली बारिश के दौर पर निर्भर करेगा। अगर दोपहर के समय तेज़ बारिश होती है तो शाम तक मौसम साफ हो जाएगा जबकि दोपहर में बारिश का दायरा और इसकी तीव्रता कम होने की स्थिति में शाम को फिर से प्री-मॉनसून वर्षा का एक झोंका दिल्ली को भिगो सकता है।

इसे भी पढ़ें: दक्षिण पश्चिम मॉनसून का केरल व पूर्वोत्तर राज्यों में आगाज़

दिल्ली में 11 बजे का तापमान 33 डिग्री सेल्सियस है जो सुबह लगभग 10 बजे रिकॉर्ड किए गए तापमान से भी कम है। अनुमान है कि आज तापमान 34-35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर नहीं जाएगा। दिन में बादल छाए रहने, वर्षा होने और सुहावनी हवाएँ चलने से तापमान नियंत्रण में रहेगा जिससे मौसम खुशनुमान बने रहने के आसार हैं।

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में मॉनसून के आगमन से पहले बीच-बीच में प्री-मॉनसून वर्षा इसी तरह से जारी रह सकती है। प्री-मॉनसून वर्षा के चलते दिल्ली में भीषण गर्मी के लंबे दौर की संभावना अब कम है जिससे लोग राहत महसूस कर सकते हैं। इस बीच आपको बता दें केरल में 30 जून को मॉनसून का आगाज़ हो चुका है। राष्ट्रीय राजधानी और इसके आसपास के भागों में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून 24 से 26 जून के बीच दे सकता है दस्तक।

Image credit: Zeenews

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

 

 

OTHER LATEST STORIES