[Hindi] दिल्ली को फिर से झुलसाने की तैयारी में गर्मी, सप्ताह के अंत तक लू देगी दस्तक

April 11, 2017 12:14 PM | Skymet Weather Team

दिल्ली और आसपास के शहरों में बीते कुछ दिनों से मौसम बेहद खुशगवार बना हुआ है। सुबह और रात के समय शीतल हवाओं के चलते मौसम ठंडा हो रहा है। दिन में भी गर्मी बहुत परेशान नहीं कर रही है। दिन और रात के तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किए जा रहे हैं। दिल्ली के सफदरजंग मौसम केंद्र ने कल 34 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया, जो वह सामान्य से दो डिग्री कम है। न्यूनतम तापमान भी सामान्य के आसपास 20.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पालम में भी सामान्य से 2 डिग्री कम अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम में यह बदलाव उत्तर भारत से आ रही उत्तर-पश्चिमी शीतल और शुष्क हवाओं के चलते देखा जा रहा है। लेकिन यह खुशगवार मौसम जल्द ही करवट लेने वाला है। क्योंकि उत्तर भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ 13 अप्रैल की शाम तक दस्तक दे सकता है जिसके चलते उत्तर-पश्चिमी हवाओं का प्रभाव मंद पड़ जाएगा। दिल्ली और आसपास के शहरों में अगले 2 दिनों में दक्षिण-पश्चिमी हवाएं चलना शुरू हो जाएंगी। यह हवाएँ राजस्थान के रेगिस्तानी क्षेत्रों और पाकिस्तान की तरफ से आएंगी जहां पारा पहले ही ऊपर पहुंचना शुरू हो गया है।

इन गर्म हवाओं के चलते दिल्ली तथा आसपास के शहरों में भी तापमान तेजी से ऊपर जाना शुरू होगा। स्काईमेट के मौसम विशेषज्ञों के अनुसार इस सप्ताह के आखिर में दिल्ली और आसपास के शहरों के तापमान में व्यापक बढ़ोत्तरी दर्ज की जाएगी। सप्ताह के अंत तक अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार फिर से पहुंचेगा जिसके चलते दिल्ली वालों को भीषण गर्मी झेलनी पड़ सकती है। वर्तमान मौसमी परिदृश्य के अनुसार कह सकते हैं कि सप्ताह के अंत तक दिल्ली के कुछ इलाके लू की चपेट में आ सकते हैं।

Image credit: Indian Express

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

 

 

OTHER LATEST STORIES