[Hindi] दिल्ली समेत उत्तर भारत के राज्यों में भारी ओलावृष्टि और बारिश हुई, आज रात तक मौसम का बिगड़ा रहेगा मिजाज़

March 14, 2020 5:10 PM | Skymet Weather Team

उत्तर भारत के कई इलाकों में मौसम का मिजाज़ बिगड़ा हुआ है। पंजाब हरियाणा में बीते दो-तीन दिनों से भारी बारिश हो रही है। पिछले 24 घंटों के दौरान भी हरियाणा, पंजाब और उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भारी वर्षा हुई है। दिल्ली-एनसीआर में 13 मार्च की शाम को उत्तरी भागों में और रात में कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई।

14 मार्च की दोपहर तक राजधानी दिल्ली में मौसम साफ था लेकिन 1 बजे से मौसम में बदलाव दिखा और कई स्थानों पर बारिश के साथ ओलावृष्टि रिकॉर्ड की गई। बारिश की शुरुआत दक्षिण और पश्चिमी दिल्ली से हुई उसके बाद पूर्वी और उत्तर-पूर्वी दिल्ली के अलावा नोएडा, गाज़ियाबाद और फ़रीदाबाद में भी बारिश के साथ व्यापक रूप में ओले गिरे।

पश्चिमी विक्षोभ अभी भी जम्मू कश्मीर के ऊपर है। इसके प्रभाव से विकसित हुआ चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र पंजाब पर है। यह सिस्टम अगले 12 से 18 घंटों तक प्रभावी रहेंगे और अपना असर भी दिखाएंगे। मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि पंजाब और हरियाणा के उत्तरी जिलों और उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भारी वर्षा की गतिविधियां आज रात और कल सुबह तक देखने को मिल सकती हैं। बारिश के साथ तेज हवाएं चलने, बिजली कड़कने और ओलावृष्टि होने की भी आशंका रहेगी।

मौसम के इस उग्र रूप के चलते पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में फसलों को बड़ा नुकसान हुआ है। अगले 24 घंटों के दौरान संभावित बारिश से भी नुकसान की पूरी आशंका है।

English version: Uttar Pradesh, Punjab, Haryana gear up for more rains, no clearance until March 15

कल यानी 15 मार्च की शाम से उत्तर पश्चिम भारत के भागों में मौसम साफ हो जाएगा। उसके बाद कम से कम अगले चार-पांच दिनों तक (20 मार्च तक) उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में बारिश के आसार दिखाई नहीं दे रहे हैं। मौसम से जुए मॉडल्स भी संकेत कर रहे हैं कि 20 मार्च तक उत्तरी भारत के राज्यों में मौसम शुष्क बना रहेगा।

मौसम साफ होने के बाद 16 मार्च से उत्तर-पश्चिम भारत के भागों में दिन का तापमान तेजी से ऊपर जाएगा। अधिकांश स्थानों पारा 30 डिग्री के स्तर को भी पार कर सकता है। हालांकि न्यूनतम तापमान 16 और 17 मार्च तक सामान्य से नीचे रहेगा क्योंकि उत्तर पश्चिमी हवाएं तेज़ हो जाएंगी। उसके बाद न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।

Image credit: Dev

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

 

OTHER LATEST STORIES