[Hindi] जानिए कैसा रहेगा माता वैष्णो देवी धाम का मौसम

December 2, 2019 2:24 PM | Skymet Weather Team

जम्मू कश्मीर में पिछले कुछ दिनों से बारिश नहीं हो रही है। माता वैष्णो देवी धाम पर भी मौसम शुष्क बना हुआ है। हालांकि 26 नवंबर के आसपास बारिश का मौसम देखने को मिला था। उस दौरान वैष्णो देवी सहित कटरा में गरज के साथ मध्यम बारिश हुई थी। धाम पर हल्की बर्फबारी भी देखने को मिली थी। जबकि, जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी इसी दौरान दर्ज की गई थी।

कटरा में आज न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि वैष्णो देवी धाम पर बर्फबारी का असर बना हुआ है जिसके चलते यहाँ पारा गिरते हुए शून्य के आसपास पहुँच रहा है। आज वैष्णो देवी धाम पर तापमान 2 डिग्री के करीब दर्ज किया गया।

स्काईमेट के मौसम विशषज्ञों के अनुसार माता वैष्णो देवी में फिलहाल अगले दो-तीन दिनों तक मौसम में किसी विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। आसमान अधिकांश समय साफ रहेगा जिससे दिन में धूप देखने को मिलेगी और रात के समय तापमान में गिरावट का क्रम बना रहेगा। यानि उम्मीद कर सकते हैं कि जल्द ही न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री तक पहुँच जाएगा।

स्काईमेट के पास उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, कटरा में दोपहर में तापमान 15 डिग्री के आसपास चल रहा है। जबकि माता वैष्णो देवी धाम पर अधिकतम तापमान 9 डिग्री के करीब रिकॉर्ड किया जा रहा है।

बता दें कि, उत्तर भारत के पहाड़ों पर बर्फबारी के बाद कड़ाके की ठंड पड़ रही है जिस कारण श्रीनगर, गुलमर्ग, शिमला, कुल्लू, मनाली, मसूरी और उत्तरकाशी सहित ऊंचाई वाले इलाकों में शीतलहर चल रही है। अगले दो-तीन दिनों तक कड़ाके की ठंड से इसी तरह सामना करना होगा।

इसलिए अगर आप माता वैष्णो देवी के दर्शन करने की सोच रहे हैं तो स्काईमेट की सलाह है कि एहतियात जरूर बरतें। इस सप्ताह बारिश की आशंका नहीं है लेकिन कड़ाके की ठंड आपको सताएगी ज़रूर।

Image Credit: DNA INDI A

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

पूरे भारत के मौसम का हाल जानने के लिए वीडियो देखें:

OTHER LATEST STORIES