[Hindi] पंजाब, हरियाणा, राजस्थान में हो सकती है हल्की वर्षा, दिल्ली व पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम रहेगा शुष्क

April 29, 2019 6:31 PM | Skymet Weather Team

पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और दिल्ली में बीते कुछ दिनों में तपमान और गर्मी में काफी वृद्धि देखने को मिली है। उत्तर भारत के मैदानी राज्यों में बीते कई दिनों से मौसम शुष्क बना हुआ है जिसके चलते तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है। इस बीच पंजाब और हरियाणा में छिटपुट जगहों पर हल्की राहत की बारिश के संकेत मिल रहे हैं। 

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, उत्तरी राजस्थान पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। इस सिस्टम के कारण हरियाणा और उत्तर प्रदेश के पश्चिमी भागों से होते हुए एक ट्रफ रेखा पूर्वी दिशा की ओर बढ़ रही है। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर पर एक पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है।

इन मौसमी सिस्टमों के कारण कल यानि 30 अप्रैल को उत्तरी पंजाब और उत्तरी हरियाणा में गरज के साथ हल्की बारिश देखने को मिल सकती है। वहीं राजस्थान के उत्तरी भागों, हरियाणा और पंजाब के बाकी हिस्सों में बादलों की गर्जना होने और धूलभरी आंधी चलने की आशंका है। 

मौसम इस मामूली बदलाव के बावजूद राजस्थान और हरियाणा में तापमान 41 से 44 डिग्री के बीच रहेगा। वहीं पंजाब में तापमान 37 से 41 डिग्री के बीच रहने की उम्मीद है। तापमान में आयी इस हल्की गिरावट से थोड़े समय के लिए ही सही पर लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

इसके अलावा उत्तर प्रदेश के उत्तर-पश्चिमी भागों में भी एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश होने के आसार हैं। यह मौसमी गतिविधियां दोपहर बाद और शाम के समय देखने को मिलेंगी।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में ऐसा कोई भी बदलाव देखने को नहीं मिलेगा। यहां का मौसम शुष्क और गर्म बना रहेगा। शुष्क मौसम के बीच दिल्ली में अधिकतम तापमान 41 से 44 डिग्री के बीच ही बना रहेगा।

Image Credit: Punjab Update

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

 

OTHER LATEST STORIES