[Hindi] गर्मी के सीजन में लें आम का मजा, ये हैं अलग-अलग राज्यों के प्रसिद्ध आम

April 5, 2019 2:00 PM | Skymet Weather Team

गर्मी का महीना शुरू हो गया है। इस महीने में लोग फलों को काफी पसंद करते हैं और आम तो फलों का राजा है। हर किसी का अपना एक पसंदीदा आम होता है। यूपी वालों को दशहरी मन भाता है तो मुंबई वाले अलफांसो लुभाता है। जहां दिल्ली वाले चौसा की मिठास के गुणगान गाते हैं वहीं बंगलुरू के लोगों को बंगनपल्ली का स्वाद दीवाना बनाता है। तेज़ गर्मी में आम का स्वाद इसके हर पसंद करने वाले को राहत दिलाता है। अब आपको कौन सा आम पसंद है यह इस बात पर निर्भर करता है कि आप किस प्रांत से हैं और आपका बचपन कहां बीता। आईए जानते हैं आम की इन किस्मों के बारे में…

दशहरी, चौसा, लंगड़ा - उत्तर प्रदेश

उत्तर प्रदेश में दशहरी आम का बोलबाला है। इस प्रजाति की उत्पत्ति लखनऊ के पास दशहरी गाँव से हुई इसलिए इसे दशहरी नाम दे दिया गया। यहां सबसे ज़्यादा लोग दशहरी को ही पसंद करते हैं।

इसके बाद नंबर आता है लंगड़ा आम का। लंगड़ा आम बनारसी मूल का है। लंगड़ा रेशेदार आम होता है, यह अपनी मिठास के लिए जाना जाता है। आम खाने वाले इसे इसलिए भी पसंद करते हैं क्योंकि इस आम की गुठली काफी छोटी है और गुदा ज़्यादा होता है। इसका नाम बनारस के एक लंगड़े पुजारी के नाम पर रखा गया था।

चौसा आम बाज़ार में आधी जुलाई बीत जाने के बाद आता है जब बाकी आमों की आयात कम हो जाती है। इस आम की खासियत है इसका रेशारहित गूदा और मिठास। ऐसा कहते हैं कि 1539 में बिहार के चौसा में शेरशाह सूरी ने हुमायूं से युद्ध जीतने के बाद इसे चौसा नाम दिया था। वैसे इसकी उत्पत्ति उत्तर प्रदेश के हरदोई ज़िले में हुई थी। सुनने में तो ये भी आता है कि मशहूर शायर मिर्ज़ा ग़ालिब के लिए भी यही आम सबसे खास था।

बता दें कि, सिर्फ यूपी ही नहीं देश के और भी कई राज्यों के अपने कुछ खास 'आम' होते हैं।

जर्दालू - भागलपुर

बिहार के भागलपुर में होने वाला जर्दालू आम 'आम' से लेकर 'खास' हर किसी को लुभाता है। इसका स्वाद ही कुछ ऐसा है कि एक बार जो इसे चख ले वह इसका दीवाना हो जाता है। यह आम आम जनता के साथ-साथ राजनीतिज्ञों के लिए भी खास रहा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निर्देश पर वर्ष 2006 से भागलपुर का जर्दालु सौगात के रूप में देश के महामहिम राष्ट्रपति, उप राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, गृहमंत्री, रक्षा मंत्री, कृषि मंत्री, सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश, दिल्ली के मुख्यमंत्री सहित अतिविशिष्ट अतिथियों को भेजा जाता रहा है। जर्दालु आम के पैकेट पर लिखा होता है 'मुख्यमंत्री नीतीश की भेंट'।

मनकुरद और मुसरद - गोवा

गोवा में मिलने वाले मनकुरद, मुसरद, नीलम और बाल आंबू जैसे आम यहां के लोगों की खास पसंद हैं। शुरुआती अप्रैल में बाज़ार में आ जाने वाले ये आम गर्मियों की शुरुआत को भी मीठे कर देते हैं। गोवा में मिलने वाले मनकुरद आम से यहां के लोग चटनी, हलवा, जैम के अलावा कई और डिशेस भी डिशेज भी बनाते हैं।

हिमसागर और मालदा - पश्चिम बंगाल

हिमसागर एक बहुत ही लोकप्रिय आम की किस्म है। यह भारत के पश्चिम बंगाल में और बांग्लादेश के राजशाही में मिलता है। पटना के दीघा घाट के मालदा आम की खुशबू और मिठास के दीवानें देश-विदेश तक फैले हैं। मालदा आम की मिठास और खुशबू की वजह से हर साल अमेरिका, यूरोप, दुबई, स्वीडन, नाइज़ीरिया, इंग्लैंड आदि देशों में रहने वाले लोग इसे वहां मंगवाते हैं। महाराष्ट्र, यूपी, गुजरात, पश्चिम बंगाल, दिल्ली, राजस्थान आदि राज्यों में भी मालदा आम के दीवानों की भरमार है।

image credit : wikipedia

अलफांसो - महाराष्ट्र

अलफांसो आम देश के सबसे चर्चित आमों में से एक है। इसकी मिठास, स्वाद और सुगंध बाकी आमों से बिल्कुल अलग है। इसकी खासियत यह है कि पकने के एक हफ्ते बाद भी यह आम ख़राब नहीं होता। इस खास गुण के कारण ही देश से बाहर निर्यात किए जाने वाले आमों में अल्फांसो का नंबर ज्यादा है। कीमत के मामले में भी यह सब से महंगा होता है। देश का यह पहला आम है, जो किलोग्राम के भाव नहीं दर्जन के भाव में बिकता है। थोक बाजार में इसकी कीमत 700 रुपये दर्ज़न है तो फुटकर बाज़ार में अलफांसो 2500 से 7000 रुपये प्रति दर्ज़न तक मिलता है। एक अलफांसो का वजन लगभग 150 ग्राम से 350 ग्राम तक होता है।

केसर - गुजरात

गुजरात का जूनागढ़ क्षेत्र केसर आमों के लिए काफी मशहूर है। यह आम अपने स्वादिष्ट टेस्ट व केसर की खुशबू के लिए जाना जाता है। अगर आप आमरस के शौकीन हैं, तो इसके लिए यह आम सबसे उपयुक्त होता है। कच्छ भी अब 'केसर आम' के लिए एक पसंदीदा जगह बन गया है। हाल ही में, किसानों ने दावा किया है कि भूजल से ड्रिप सिंचाई की विधि से अब कच्छ 'केसर आम' का क्षेत्र बन गया है।

Image Credit : The City Story

कृपया ध्यान दें : स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.comअवश्य लिखें । 

OTHER LATEST STORIES