[Hindi] महाराष्ट्र में गर्मी खतरनाक स्तर पर, पारा 47के पार, एक सप्ताह तक राहत की उम्मीद नहीं

May 29, 2019 12:59 PM | Skymet Weather Team

हर साल मई बीतते-बीतते देश भर में लोग चिलचिलाती धूप की गर्मी से राहत के लिए मॉनसून का इंतज़ार करने लगते हैं। पिछले साल, मॉनसून ने 29 मई को केरल में दस्तक दी थी।

दूसरी ओर इस साल, मॉनसून पिछले 10 दिनों से अंडमान सागर के आसपास बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में ही रुका हुआ है। केरल में मॉनसून के 4 जून से पहले आने की उम्मीद नहीं है। हालांकि, केरल में आगमन के बाद भी तेलंगाना सहित देश के मध्य भागों में जून के पहले हफ्ते तक भीषण गर्मी से राहत की कोई उम्मीद नहीं है।

नागपुर का मौसम पूर्वानुमान

पिछले 24 घंटों के दौरान, महाराष्ट्र और तेलंगाना गर्मी से उबल रहे हैं। सोमवार को, नागपुर में अधिकतम तापमान 46.7 डिग्री के स्तर पर रिकॉर्ड किया गया, और यह देश का सबसे गर्म शहर रहा। वर्धा और चंद्रपुर में भी अधिकतम तापमान46.5डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया। महाराष्ट्र में अधिकतम तापमान सामान्य से3- 5डिग्री ऊपर चल रहा है।

स्काइमेट के मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि इस क्षेत्र में गर्मी की लहर बनी रहेगी और अगले सात दिनों तक नागपुर में तापमान 46 डिग्री से ऊपर रहेगा। जबकि, विदर्भ, मराठवाड़ा और मध्य महाराष्ट्र में लगातार हीटवेव की स्थिति अगले सप्ताह तक जारी रहने की संभावना है। इसके अलावा, इस सप्ताह महाराष्ट्र में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक बना रहेगा।

गर्मी से त्राहिमाम

गर्मी कितनी भीषण है, इस बात का अंदाज़ा मीडिया में आ रही खबरों से आप लगा सकते हैं। खबरों के मुताबिक, इस साल केवल नागपुर शहर में हीट स्ट्रोक के कारण 156 लोग अस्पताल में भर्ती हुए हैं। जबकि, पूरे महाराष्ट्र में हीट स्ट्रोक के कारण सात लोगों की जानें गई हैं और 440 लोग अस्पताल में भर्ती हैं।

तेलंगाना झेल रहा भीषण गर्मी की मार

स्काइमेट के अनुसार, सोमवार को तेलंगाना का रामागुंडम शहर 47.2 डिग्री तापमान के साथ पृथ्वी पर दूसरा सबसे गर्म स्थान था। तेलंगाना के कई हिस्सों में पिछले दो हफ्तों से हीटवेव की स्थिति देखी जा रही है। साथ ही, तेलंगाना के अलग-अलग हिस्सों में हीटवेव की स्थिति बुधवार तक बढ़ने की संभावना है। तेलंगाना के उत्तरी भागों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस को छू सकता है, जबकि राज्य के बाकी हिस्सों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रह सकता है।

हैदराबाद की बात करें तो सोमवार को यहां का अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो कि सामान्य 4 डिग्री अधिक था। सप्ताहांत में इसके 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की उम्मीद है।

Image Credit: DNA India

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें ।

OTHER LATEST STORIES