[Hindi] लखनऊ, गोरखपुर, वाराणसी में होगी बारिश, गर्मी से राहत की आस

May 8, 2017 5:33 PM|

Rain in UPउत्तर प्रदेश के कई इलाकों में सामान्य से ऊपर चल रहे तापमान के चलते भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। कई जगहों पर अधिकतम तापमान लगभग 42-44 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किया जा रहा है। साफ मौसम, अधिक तापमान और गर्म हवाओं के प्रभाव सेउत्तर प्रदेशके पूर्व से लेकर पश्चिम तक इलाके तेज़ गर्मी की चपेट में हैं। विशेष संकट बुंदेलखंड सहित दक्षिणी जिलों में है।मध्य प्रदेशकी सीमाओं से सटे कुछ भागों में लू जैसे हालात बने हुए हैं।इलाहाबादमें रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 5 डिग्री अधिक 45.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

इस बीच राहत भरी खबर यह है कि राज्य के कई इलाकों में मौसम जल्द करवट लेने वाला है। स्काइमेट के मौसम विशेषज्ञों के अनुसार पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों से एक ट्रफ रेखा उत्तर प्रदेश होते हुए पूर्व में निकल रही है। इस ट्रफ के चलते राज्य के ऊपर नम हवाओं का प्रवाह बढ़ गया है। आर्द्र हवाएँ इन भागों में उमस को बढ़ा देंगी और बादलों का प्रभाव भी बढ़ेगा।

अनुमान के अनुसार उत्तर प्रदेश में अगले 3 दिनों तक धूलभरी आँधी और बादलों की गर्जना के साथ वर्षा के लिए मौसमी स्थितियाँ अनुकूल बनी रहेंगी। हालांकि बारिश की मात्रा और इसका दायरा अलग-अलग भागों में अलग-अलग हो सकता है। सबसे अधिक बारिश की संभावनाएं राज्य के तराई वाले जिलों में हैं।मेरठऔर मुजफ्फरनगर सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अगले 2 दिनों के दौरान कुछ स्थानों पर गरज और धूलभरी आँधी के साथ वर्षा हो सकती है।

राज्य के पूर्वी भागों में भी मौसम की अच्छी सक्रियता की संभावना है। वर्तमान मौसमी परिदृश्य के अनुसार लखनऊ से लेकरवाराणसी,गोरखपुरऔर इलाहाबाद में अगले 2-3 दिनों के दौरान प्री-मॉनसून वर्षा हो सकती है। इन भागों में दोपहर या शाम के समय धूलभरी आँधी चलने या बादलों की गर्जना होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर बौछारें भी दर्ज की जा सकती हैं।

उत्तर प्रदेश के मध्य, पूर्वी और तराई क्षेत्रों में प्री-मॉनसून वर्षा के चलते 10 मई से अधिकतम तापमान में कुछ गिरावट होगी और तेज़ गर्मी से राहत मिलेगी। राज्य के दक्षिणी भागों विशेषकर बुंदेलखंड क्षेत्र में विशेष मौसमी हलचल संभावित नहीं है जिससे इन इलाकों में गर्मी से विशेष राहत मिलने वाली नहीं है। हालांकिकानपुर,झाँसीऔर आसपास के हिस्सों सहित दक्षिणी सीमावर्ती जिलों में एक-दो स्थानों पर आँधी और गर्जना के साथ वर्षा की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता।

Image credit: Tripoto

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार:skymetweather.com अवश्य लिखें।

 

 

author image