[Hindi] पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में 14 मार्च तक जारी रहेगी बारिश, 16 मार्च से बढ़ेगा तापमान 

March 13, 2020 4:34 PM | Skymet Weather Team

उत्तर भारत के राज्यों में मार्च में उम्मीद से अधिक बारिश हो रही है। हाल के दिनों में भी पंजाब के उत्तरी जिलों के साथ-साथ हरियाणा में भी हल्की से मध्यम बारिश हुई है। पिछले 24 घंटों के दौरान भी पंजाब में कई जगहों पर गर्जना के साथ वर्षा रिकॉर्ड की गई है। इन दोनों राज्यों में होली की रात यानि 10 मार्च की रात से ही रुक-रुक कर बारिश हो रही है। इस दौरान अधिक प्रभाव दोनों राज्यों के उत्तरी हिस्सों पर देखने को मिला है।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार पिछले दो-तीन दिनों के दौरान एक के बाद एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत में आए हैं जिनके चलते उत्तर भारत के अधिकांश स्थानों पर बारिश देखने को मिल रही है। वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ जम्मू और कश्मीर पर है। इसके प्रभाव से बना साइक्लोनिक सर्कुलेशन पंजाब और हरियाणा के ऊपर है।

इन दोनों मौसमी सिस्टमों के चलते पंजाब और हरियाणा के उत्तरी जिलों में आज भी गरज के साथ भारी बारिश की उम्मीद है। हालांकि दोनों राज्यों के दक्षिणी जिलों, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तरी राजस्थान और दिल्ली में आज शाम तक मौसम साफ और शुष्क रहने की उम्मीद है।

English version: Another rainy spell likely in Punjab, Haryana, Delhi, Rajasthan, and West Uttar Pradesh

हालांकि देर रात से पंजाब और हरियाणा के बाकी हिस्सों में भी बारिश की गतिविधियाँ बढ़ने लगेंगी। तेज़ हवाओं के साथ एक-दो स्थानों पर ओलावृष्टि गतिविधियाँ पंजाब के उत्तरी जिलों के साथ-साथ हरियाणा में होने की संभावना है। हम कह सकते हैं कि उत्तर भारत के मैदानी राज्यों में बारिश का यह दूसरा अच्छा स्पेल है।

कल से उत्तरी राजस्थान और दिल्ली में भी गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। यह मौसमी गतिविधियां 14 मार्च की शाम तक जारी रह सकती हैं। हालांकि बारिश की तीव्रता बहुत अधिक नहीं होगी। पश्चिमी विक्षोभ 15 मार्च तक पूरब में चला जाएगा। साथ ही चक्रवाती सिस्टम भी निष्प्रभावी हो जाएगा।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 16 मार्च के बाद मैदानी इलाकों में मौसम पूरी तरह से साफ और शुष्क हो जाएगा। तापमान में भी बढ़ोत्तरी होगी।

Image credit: Flickr

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

OTHER LATEST STORIES