[Hindi] आगरा में सामान्य से 10 डिग्री नीचे पारा; मेरठ, इलाहाबाद, वाराणसी में भी तपिश से बड़ी राहत

May 2, 2018 1:44 PM | Skymet Weather Team

उत्तर प्रदेश में पिछले दिनों के दौरान कुछ स्थानों पर हुई प्री-मॉनसून वर्षा और हवाओं में बदलाव के चलते कई स्थानों पर तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान आगरा में पारा सामान्य से 10 डिग्री कम 31.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। हालांकि राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान बारिश केवल दक्षिण-पश्चिमी भागों में ही दिखी है लेकिन ठंडी पूर्वी हवाओं के चलते राज्य के अधिकतर भागों में पारा सामान्य से नीचे पहुंचा है।

पिछले 24 घंटों की अवधि में सुल्तानपुर में अधिकतम तापमान सामान्य से 6 डिग्री कम 32.8 डिग्री, मेरठ में 5 डिग्री कम 34.7 डिग्री, अलीगढ़ में 5 डिग्री 33.7 डिग्री, गोरखपुर में 4 डिग्री कम 34.2 डिग्री और इलाहाबाद में 4 डिग्री कम 36.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। स्काइमेट के वरिष्ठ मौसम विशेषज्ञ महेश पलावत के अनुसार अगले 3-4 दिनों तक पारा इसी स्तर पर बना रहेगा।

अब एक नया पश्चिमी विक्षोभ जम्मू कश्मीर के पास पहुँच गया है। इसके प्रभाव से उत्तरी राजस्थान और इससे सटे भागों पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बन गया है। साथ ही इस सिस्टम से एक ट्रफ रेखा पूर्वी राज्यों तक सक्रिय हो गई है। इन मौसमी सिस्टमों के चलते अनुमान है कि राज्य के पश्चिमी भागों में आज शाम से फिर से प्री-मॉनसून हलचल शुरू होगी। धूलभरी आँधी और बादलों की गरज के साथ कहीं-कहीं हल्की वर्षा हो सकती है।

[yuzo_related]

पूर्वी उत्तर प्रदेश के भी कुछ जिलों में एक-दो स्थानों पर धूलभरी आँधी चलने और बादलों की गर्जना होने की संभावना है। राज्य में रुक-रुक कर प्री-मॉनसून वर्षा की गतिविधियां 3 मई तक बनी रहेंगी। उसके बाद राज्य के अधिकतर स्थानों पर मौसम साफ होना शुरू होगा। हालांकि तराई क्षेत्रों में उसके पश्चात भी मौसम सक्रिय रहेगा और एक-दो स्थानों पर प्री-मॉनसून वर्षा जारी रहेगी।

इस दौरान मुख्यतः प्रभावित होने वाले क्षेत्रों में बुलंदशहर, मथुरा, अलीगढ़, मेरठ, नजीबाबाद, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहाँपुर, लखनऊ, कानपुर, इलाहाबाद, वाराणसी और गोरखपुर सहित आसपास के इलाके शामिल हो सकते हैं। इन भागों में प्री-मॉनसून हलचलों और शीतल पूर्वी हवाओं के साथ मौसम सहज बना रहेगा। गरज और वर्षा वाले बादलों की ताज़ा स्थिति जानने के लिए नीचे दिए गए मैप पर क्लिक करें।

उत्तर प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में अगले 3-4 दिनों तक पूर्वी हवाओं का प्रभाव बना रहेगा। जिससे बारिश बंद होने के बाद भी तापमान में तेज़ी से वृद्धि देखने को नहीं मिलेगी। न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से काफी नीचे बने रहेंगे। इसके चलते ना सिर्फ गर्मी से व्यापक राहत बनी रहेगी बल्कि सुबह और रात के समय मई में भी हल्की ठंडक लोगों को चौंका सकती है।

Image credit: Telenews

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

 

 

OTHER LATEST STORIES