[Hindi] दिल्ली में मॉनसून के स्वागत के लिए तैयार मौसम

July 1, 2017 12:37 PM | Skymet Weather Team

दिल्ली में मॉनसून दस्तक देने वाला है लेकिन इससे पहले ही बारिश ने लोगों को जमकर भिगोया। बीते कुछ दिनों में दिल्ली में जितनी वर्षा दर्ज की गई उतनी बारिश बीते एक दशक में पूरे जून माह में नहीं हुई। शुक्रवार को अच्छी वर्षा के चलते दिल्ली में बारिश ने जून महीने का 14 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा। बीते दिनों की बारिश के चलते दिल्ली और इससे सटे शहरों में तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है और मौसम खुशनुमा हो गया।

बीते 14 वर्षों में इस जून में दिल्ली में सबसे अधिक वर्षा दर्ज किए जाने के बाद राजधानी जल्द ही मॉनसून का स्वागत करने वाली है। भीषण गर्मी से इस बारिश ने निश्चित तौर पर राहत दिलाई है लेकिन दिल्ली और एनसीआर में बारिश के साथ यातायात में जाम की समस्या साथ में आती है। ज़ाहिर है इससे लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा है।

स्काइमेट के मौसम विशेषज्ञों के अनुसार पंजाब और हरियाणा पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। इसके अलावा एक ट्रफ रेखा गुजरात से असम तक बनी हुई है। इन मौसमी सिस्टमों के चलते दिल्ली में बीते कुछ दिनों से मौसम मेहरबान है और जमकर बारिश हो रही है। इसके अलावा दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की प्रगति से भी दिल्ली का मौसम प्रभावित हुआ है।

[yuzo_related]

दिल्ली में समान्यतः मॉनसून का आगमन 28 से 30 जून के बीच हो जाता है लेकिन मॉनसून यहाँ आने में अभी कुछ और समय ले सकता है। अनुमानों के अनुसार अगले 48 घंटों में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून दिल्ली में दस्तक दे सकता है। इस बीच दिल्ली, नोएडा, फ़रीदाबाद, गाज़ियाबाद, गुरुग्राम और आसपास के हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी। हालांकि बारिश की तीव्रता में बीते दिनों की तुलना में कमी आएगी। बारिश में कमी के चलते तापमान बढ़ेगा और उमस भी अधिक रहेगी जिससे मौसम कुछ परेशान कर सकता है।

Image credit:

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

 

 

OTHER LATEST STORIES