[Hindi] उत्तर प्रदेश का साप्ताहिक मौसम पूर्वानुमान (22-28 अक्टूबर, 2020), किसानों के लिए फसल सलाह

October 22, 2020 3:34 PM|

आइए जानते हैं उत्तर प्रदेश में 22 से 28 अक्टूबर के बीच कैसा रहेगा मौसम का हाल

इस साल उत्तर प्रदेश से दक्षिण-पश्चिम मॉनसून ने विदाई में कुछ ज़्यादा ही समय लगाया। पश्चिमी उत्तर प्रदेश से मॉनसून के वापस लौटने की शुरुआत हो गई थी और 6 अक्टूबर तक यह उत्तर प्रदेश के मध्य भागों से भी विदा हो गया था। लेकिन पूर्वी उत्तर प्रदेश से 15 दिनों के ब्रेक के बाद 21 अक्टूबर को मॉनसून वापस लौटा है।

पिछले कई दिनों से उत्तर प्रदेश के सभी जिलों मौसम शुष्क बना हुआ। 1 अक्टूबर से 21 अक्टूबर के बीच पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 100% कम बारिश हुई है जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में 97% कम वर्षा प्राप्त हुई है।

अब मॉनसून के वापस लौट जाने के बाद यह सप्ताह भी उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों के लिए शुष्क ही बना रहेगा। दिन और रात के तापमान में धीरे-धीरे गिरावट शुरू हो गई है। न्यूनतम तापमान में गिरावट के कारण सुबह तथा रात का मौसम शीतल बना रहेगा तथा दिन में तेज़ धूप के कारण अभी हल्की गर्मी बनी रहेगी। सुबह के समय कुछ स्थानों पर धुंध या कुहासा छाने की संभावना है।

उत्तर प्रदेश के किसानों के लिए फसल सलाह

शुष्क मौसम के बीच खरीफ फसलों विशेषकर धान की फसल की कटाई तेज़ी से जारी है। मौसम कोई बाधा इस सप्ताह नहीं पैदा करेगा इसलिए किसानों को सुझाव है कि तेज़ी से कटाई के काम को निपटाएं।

अनाज में जब तक सुझाए गए स्तर से अधिक नमी रह जाए तब तक अनाज को धूप में रखें ताकि न्यूनतम समर्थन मूल्य पर आपका अनाज लेने से सरकारी खरीद केन्द्रों से आपको वापस ना लौटना पड़े।

चना, मटर, मसूर इत्यादि की बुआई से पहले 25 किग्रा प्रति हेक्टेयर ट्राइकोडरमा से भूमि सुधार करें। और दलहनी फसलों की बुआई से पहले बीजों का राइजोबियम कल्चर अवश्य करें।

Image credit:Business Standard

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार:skymetweathercomअवश्य लिखें।

author image