[Hindi] कश्मीर, हिमाचल, उत्तराखंड में कई जगह हुई अच्छी बर्फबारी, 3-4 दिनों के लिए मौसम होगा शुष्क

March 16, 2018 5:41 PM | Skymet Weather Team

उत्तर भारत के पर्वतीय राज्यों में पिछले 2-3 दिनों के दौरान अच्छी बारिश और बर्फबारी दर्ज की गई है। लगभग एक महीने से तीनों पर्वतीय राज्यों में रुक-रुक कर गतिविधियां हो रही हैं। गतिविधियां फिलहाल कम हो गई हैं। कल से मौसम शुष्क हो जाएगा। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार उत्तर भारत के राज्यों में बड़े पैमाने पर बारिश और बर्फबारी का संभवतः यह आखिरी दौर होगा।

वैष्णो देवी, श्रीनगर, पहलगाम, गुलमर्ग, लेह, शिमला, धर्मशाला, धनौल्टी, नैनीताल सहित अधिकतर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी दर्ज की गई है। इन भागों में मौसमी हलचल करने वाला पश्चिमी विक्षोभ अब पूर्वी दिशा में निकल गया है। इसके प्रभाव से पर्वतीय राज्यों में बारिश और बर्फबारी कम हो गई है जिससे आज एक-दो स्थानों पर ही गतिविधियां देखने को मिलेंगी।

अनुमान है कि कल से कश्मीर से लेकर हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड तक मौसम साफ और शुष्क हो जाएगा। इन राज्यों में अगले 3-4 दिनों तक आसमान साफ रहने और हल्की से मध्यम ठंडी तथा शुष्क उत्तर-पश्चिमी हवाएँ चलने की संभावना है। मौसम में आने वाले इस बदलाव से दिन का तापमान जहां बढ़ेगा वहीं रात के तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिलेगी।

[yuzo_related]

पर्यटन या तीर्थाटन के संदर्भ में देखें तो उत्तर भारत के पर्वतीय राज्यों में अगले 3-4 दिनों के दौरान मौसम बेहद अनुकूल रहेगा। बर्फ की सफ़ेद चादर में ढँकी पहाड़ी चोटियाँ पर्यटकों का मन मोह लेंगी। सुबह और रात में बर्फीली हवाएँ अच्छी ठंडक का एहसास कराएंगी तो दिन में खिली धूप के बीच आप अनेक स्थानों पर भ्रमण की अपनी योजना को पूरा कर पाएंगे। वैष्णो देवी के दर्शन के लिए भी अगले 3-4 दिन मौसम सुहावना रहेगा।

इस बीच एक नया पश्चिमी 21-22 मार्च को फिर से जम्मू कश्मीर के पास पहुँच सकता है। इसके प्रभाव से बारिश और बर्फबारी का नया दौर देखने को मिलेगा। हालांकि यह पिछले 2-3 दिनों जितनी गतिविधियां नहीं देगा।

Image credit: Elets Technomedia

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

 

 

OTHER LATEST STORIES