[Hindi] रहिए तैयार, सर्दी कर रही है वापसी

January 31, 2016 8:56 PM | Skymet Weather Team

उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में 22 से 26 जनवरी की सर्दी के बाद बीते कुछ दिनों से तापमान ऊपर जा रहा था और ऐसा लग रहा था मानो सर्दी अब लौट चली हो। लेकिन अच्छी खबर यह है कि उत्तर के पहाड़ों पर हुई बर्फबारी की बदौलत एक बार फिर से मौसम आपको ठंड का एहसास कराने वाला है। उत्तर भारत के मैदानी क्षेत्रों और मध्य भारत के अधिकांश भागों में बीते दो दिनों के दौरान 29 और 30 जनवरी को दिन और रात का तापमान बढ़ते हुए सामान्य से 4-5 डिग्री ऊपर दर्ज किया गया।

साफ आसमान के बीच दिन में धूप खिलने से उत्तर भारत के मैदानी भागों और मध्य भारत में सर्दी में व्यापक कमी आई थी। न्यूनतम तापमान में बढ़ोत्तरी होने से सुबह और रात के समय भी ठंड काफी कम हो गई थी और आम लोगों को ऐसा लग रहा था जैसे सर्दी अब अपनी विदाई पर हो। लेकिन जैसा कि स्काइमेट लगातार बताता आ रहा है, उसके संकेत मिलने शुरू हो गए हैं, दिल्ली सहित उत्तर भारत के मैदानी भागों में 1 फरवरी से 5 फरवरी के बीच एक बार फिर से सर्दी का सुहावना झोंका दस्तक देने वाला है। रविवार को दिन के तापमान में आई कमी से इस झोंके की आहट मिलने लगी है।

हाल ही में उत्तर भारत के पहाड़ी भागों पर आए एक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में अधिकांश जगहों पर अच्छी बारिश और बर्फबारी दर्ज की गई। पश्चिमी विक्षोभ अब जम्मू-कश्मीर से आगे निकल गया है जिसके चलते उत्तर भारत के मैदानी भागों में हवाओं के रूख में परिवर्तन आ गया है। पहाड़ी भागों से बर्फीली हवाओं का प्रवाह शुरू होने से दिल्ली सहित उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में मौसम में बदलाव दिखाई देने लगा है।

इस समय दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तरी राजस्थान और उत्तर-पश्चिमी मध्य प्रदेश में तापमान में गिरावट का क्रम दिखाई देने लगा है। स्काइमेट के मौसम विशेषज्ञों के अनुसार इन भागों में अगले 4-5 दिनों के दौरान दिन और रात के तापमानों में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आएगी। यानि कि 5 फरवरी तक आपको सर्दी के लिए तैयार रहना होगा।

सर्दी का यह झोंका इस शीत ऋतु का आखिरी झोंका हो सकता है। इस बीच एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत के करीब आता दिखाई दे रहा है, जो 6 फरवरी को उत्तर भारत के पर्वतीय भागों को प्रभावित कर सकता है। इस नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव शुरू होने के साथ मैदानी भागों से इस ऋतु की सर्दी का यह आखिरी दौर भी सम्पन्न होने के आसार हैं।

Image Credit: nytimes

 

 

OTHER LATEST STORIES