सूरज ने दिखाया तेवर! दिल्ली में साल का सबसे गर्म दिन दर्ज, जानें आगे कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली में तेज धूप और मध्यम हवा के बीच, इस साल का अब तक का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। सफदरजंग स्थित बेस ऑब्जर्वेटरी ने अधिकतम तापमान 27.4°C दर्ज किया, जो सामान्य से करीब 4°C अधिक है। इससे पहले 31 जनवरी 2025 को 27°C अधिकतम तापमान दर्ज किया गया था। आज पारा एक और डिग्री बढ़ सकता है, लेकिन इसके बाद गिरावट की संभावना है। राजधानी और आसपास के इलाकों में पूरे हफ्ते शुष्क मौसम बना रहेगा।
फरवरी में कैसा रहता है मौसम: फरवरी के मध्य में औसतन तापमान 24°-25°C के आसपास रहता है, लेकिन महीने के अंत तक तापमान 27°-28°C तक पहुंच जाता है। खासतौर पर फरवरी के दूसरे हिस्से में तापमान बढ़ता है और कई बार 30°C का स्तर पार कर जाता है। वर्ष 2023 में सफदरजंग वेधशाला में अधिकतम तापमान 21 फरवरी को 33.6°C दर्ज किया गया था। हालांकि, पिछले वर्ष फरवरी 2024 में तापमान अपेक्षाकृत कम रहा और अधिकतम तापमान 29.7°C तक ही पहुंच पाया।
3 दिनों तक इस जगह बारिश/ बर्फबारी: एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत के पर्वतीय क्षेत्रों से गुजर रहा है, जिससे अगले 3 दिनों तक पहाड़ों में बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। हालांकि, यह प्रभाव केवल पहाड़ी इलाकों तक ही सीमित रहेगा और दिल्ली समेत उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में शुष्क मौसम जारी रहेगा। आज दिन का तापमान बढ़ कर 28°C के पार जा सकता है।
हवाओं से तापमान पर नियंत्रण: कल 11 फरवरी से सतही और निचले स्तर की हवाएं तेज हो जाएंगी। इन तेज हवाओं के चलते तापमान बढ़ना रुक सकता है। दिल्ली में 15-16 फरवरी तक दिन में मध्यम से तेज़ हवाएं चलने की संभावना है। हालांकि, न्यूनतम तापमान स्थिर रहेगा और इसके अचानक से बढ़ने की संभावना नहीं है।





