
तमिलनाडु में पूर्वोत्तर मानसून की बारिश आमतौर पर दिसंबर के आखिरी सप्ताह में धीमी हो जाती है। यह मानसून सामान्यतः अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में शुरू होता है, लेकिन पिछले कुछ वर्षों में यह 20 अक्टूबर के बाद ही सक्रिय हो पाया। इस वर्ष, मानसून की शुरुआत अपेक्षाकृत जल्दी, 15 अक्टूबर 2024 को हुई और यह 31 दिसंबर 2024 को आधिकारिक रूप से समाप्त हुआ। इस बार सीजन में सामान्य से अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई। हालांकि, शीतकालीन मानसून की बारिश अभी भी जारी है, लेकिन बीच-बीच में ब्रेक के साथ। वहीं, तमिलनाडु के तटीय और भीतरी हिस्सों में 18-19 जनवरी 2025 को मध्यम बारिश दर्ज की गई।
चेन्नई और तमिलनाडु में बारिश का हाल: तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में जनवरी महीने में सामान्य रूप से 16.2 मिमी बारिश होती है। हालांकि, जनवरी 2025 में नुंगमबक्कम और मीनंबक्कम के मौसम केंद्रों पर अब तक क्रमशः 46 मिमी और 65.2 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से काफी अधिक है। पूरे राज्य में 01 से 20 जनवरी 2025 के बीच सामान्य 10.3 मिमी के मुकाबले 23.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है, जो 127% अधिक है।
बढ़ी हुई बारिश के कारण: ENSO और MJO का प्रभाव: तमिलनाडु में बारिश के इस विस्तार का मुख्य कारण महासागरीय पैरामीटर ENSO (एल नीनो-सदर्न ओस्सिलेशन) और MJO (मैडेन-जूलियन ऑस्सिलेशन) हैं। पिछले कुछ समय से ला नीना की स्थिति बनी हुई है, जो पूर्वोत्तर मानसून की बारिश को बढ़ाने में सहायक मानी जाती है। साथ ही, अन्य समुद्री पैरामीटर एमजेओ(MJO) भी बार-बार हिंद महासागर पर सक्रिय रहा है। वर्तमान में, MJO हिंद महासागर में पूर्व की ओर बढ़ रहा है और जनवरी के अंत तक अनुकूल स्थिति में बने रहने की संभावना है।
आगामी बारिश का अनुमान: मौजूदा हालात को देखते हुए जनवरी के बाकी बचे दिनों में बारिश जारी रहने की उम्मीद है। अगले दो दिनों (21 और 22 जनवरी) में तटीय क्षेत्रों में हल्की बारिश हो सकती है। 23 से 26 जनवरी 2025 के बीच बारिश रुक जाएगी। इसके बाद, श्रीलंका-कोमोरिन-मालदीव क्षेत्र के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण चल रहा है, जिससे ट्रफ रेखा उत्तर की ओर बढ़ रही है। जिस कारण 27 से 31 जनवरी के बीच बारिश फिर से शुरू होने की संभावना है। तमिलनाडु के दक्षिणी हिस्सों में मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है।