गर्मी की वापसी, क्या इस बार मार्च में 40°C पहुंचेगा मुंबई का तापमान?

By: skymet team | Edited By: skymet team
Mar 19, 2025, 3:41 PM
WhatsApp icon
thumbnail image

मुंबई में हीटवेव के आसार, प्रतीकात्मक फोटो

मुंबई में मार्च के पहले दो सप्ताह में सामान्य से अधिक गर्मी दर्ज हुई है। हालांकि, दिन का तापमान 40°C के पार नहीं गया है। लेकिन, 11 मार्च 2025 को तापमान 39.2°C तक पहुंच गया था, जो इस साल अब तक का सबसे अधिक तापमान है। वहीं, मुंबई में कल (18 मार्च) को गर्मी का असर थोड़ा कम हुआ था, जब सांताक्रूज बेस वेधशाला में दिन का अधिकतम तापमान 32°C दर्ज हुआ। जो सामान्य से एक डिग्री कम और 05 फरवरी 2025 के बाद से सबसे कम तापमान है। आने वाले दिनों में मुंबई और इसके उपनगरों में तापमान बढ़ने की संभावना है।

समुद्री हवा के समय पर निर्भर करता है मुंबई का तापमान

मुंबई में दिन का तापमान समुद्री हवा (Sea Breeze) के समय से नियंत्रित होता है। आमतौर पर, समुद्री हवा दोपहर लगभग 1 बजे (13:00 घंटे) के आसपास शुरू हो जाती है, जिससे तापमान तेजी से बढ़ना रुक जाता है। वास्तव में, समुद्री हवा के शुरू होने के बाद तापमान में गिरावट अधिक होती है। कभी-कभी, जब समुद्री हवाएँ 12:00 बजे या उससे पहले चलने लगती है, तो दिन में अधिकतम तापमान 30°-31°C से ऊपर नहीं जाता है। आज 19 मार्च को समुद्री हवाएँ सुबह के समय ही शुरू हो गई थीं, इसलिए अधिकतम तापमान लगभग 31°C से 32°C के बीच रहने की संभावना है। हालांकि, आने वाले दिनों में मौसम संबंधी परिस्थितियों में महत्वपूर्ण बदलाव होगा, जिससे तापमान बढ़ सकता है।

अरब सागर और महाराष्ट्र में बनने वाली चक्रवाती प्रणाली का प्रभाव

कोंकण और गोवा तट से दूर मध्य और पूर्वी अरब सागर पर एक चक्रवाती परिसंचरण (Cyclonic Circulation) विकसित होने की संभावना है। इसके अलावा, एक और चक्रवाती परिसंचरण महाराष्ट्र और प्रायद्वीपीय भारत के हिस्सों पर बनने वाला है। है। मराठवाड़ा से लेकर केरल तक एक ट्रफ सक्रिय होगी, जो उत्तरी और दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक से होकर गुजरेगी। इन दो मौसम प्रणालियों के प्रभाव से हवा की दिशा में बदलाव होगा और कोंकण तट के आसपास हवा अस्थिर और परिवर्तनशील हो जाएगी।

हवा के पैटर्न में बदलाव और तापमान में बढ़ोत्तरी

हवा की दिशा में बदलाव होने से स्थलीय हवा (Land Breeze) की अवधि बढ़ सकती है और समुद्री हवा (Sea Breeze) की शुरुआत में देरी हो सकती है। यह बदलाव 22 मार्च 2025 से अधिक प्रभावी होगा और 23 मार्च तक मुंबई का तापमान 36°C या उससे अधिक पहुंच सकता है। अगले सप्ताह भी गर्मी जारी रहेगी और सप्ताह का पहला भाग सामान्य से अधिक गर्म रहने की संभावना है।

क्या इस बार मार्च में 40°C पहुंचेगा मुंबई का तापमान?

मुंबई में मार्च के महीने में 40°C तापमान पार करने का रिकॉर्ड रहा है, लेकिन यह आमतौर पर मार्च के दूसरे हिस्से में होता है। मार्च 2013 अपवाद रहा, जब 07 मार्च को ही सांताक्रूज वेधशाला में तापमान 40.5°C तक पहुंच गया, लेकिन बाकी महीने में 40°C का आंकड़ा नहीं छुआ। अधिकतर वर्षों में मुंबई ने मार्च में केवल एक दिन के लिए 40°C तापमान पार किया है। साल 2013, 2015, 2018, 2019, 2021 में सिर्फ एक दिन के लिए तापमान 40°C के पार गया था। वहीं, मार्च 2011 में अपवाद रहा जब 16 और 17 मार्च को तापमान क्रमशः 41.3°C और 41.0°C दर्ज किया गया। साल 2009, 2010, 2012, 2014, 2016, 2017, 2020, 2022 और 2023 में तापमान 40°C तक नहीं पहुंचा था। इस साल भी मार्च में तापमान के 40°C तक पहुंचने की संभावना कम है, लेकिन गर्मी का असर तेज बना रहेगा और तापमान सामान्य से अधिक रह सकता है।

author image

डिस्क्लेमर: यह जानकारी स्काइमेट की पूर्वानुमान टीम द्वारा किए गए मौसम और जलवायु विश्लेषण पर आधारित है। हम वैज्ञानिक रूप से सही जानकारी देने का प्रयास करते हैं, लेकिन बदलती वायुमंडलीय स्थितियों के कारण मौसम में बदलाव संभव है। यह केवल सूचना के लिए है, इसे पूरी तरह निश्चित भविष्यवाणी न मानें।

Skymet भारत की सबसे बेहतर और सटीक निजी मौसम पूर्वानुमान और जलवायु इंटेलिजेंस कंपनी है, जो देशभर में विश्वसनीय मौसम डेटा, मानसून अपडेट और कृषि जोखिम प्रबंधन समाधान प्रदान करती है