दिल्ली में पहली बार 40 डिग्री के पार तापमान, मिड-वीक तक लू चलने की संभावना
राजधानी दिल्ली में इस सप्ताह तापमान बढ़ने की संभावना है, जिसकी शुरुआत आज से ही हो गई है। दिल्ली की मुख्य वेधशाला सफदरजंग वेधशाला में 3 अप्रैल को अब तक का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 39°C दर्ज हुआ है। कल 6 अप्रैल को दिल्ली का अधिकतम तापमान 38.2°C था, जो एक दिन पहले यानी 5 अप्रैल की तुलना में लगभग 2.5°C अधिक था। वहीं, आज दिल्ली-एनसीआर का पारा और अधिक चढ़ने की संभावना है। जिससे अगले तीन दिनों तक तापमान 40°C के आसपास बना रह सकता है।
सामान्य से अधिक तापमान = हीट वेव
बता दें, दिल्ली में इस समय औसत पंचदिवसीय (5 दिन का औसत) तापमान लगभग 35°C होता है, ऐसे में तापमान में का बढ़ना हीट वेव की स्थिति बना सकता है। यह इस मौसम की पहली हीट वेव हो सकती है। मैदानों में हीट वेव तब मानी जाती है जब अधिकतम तापमान 40°C या उससे अधिक हो और सामान्य से 4.5°C या ज्यादा ऊपर हो। यदि तापमान सीधे 45°C तक पहुंच जाए तो भी हीट वेव मानी जाती है। अगर तापमान सामान्य से 6.5°C या अधिक बढ़ जाए, तो उसे ‘गंभीर हीट वेव’ (Severe Heat Wave) की स्थिति होती है।
अप्रैल में 40°C पार करना दिल्ली के लिए सामान्य
राष्ट्रीय राजधानी में अप्रैल महीने में 40°C से ऊपर का तापमान कोई असामान्य बात नहीं है। पिछले 20 सालों में केवल 2012 को छोड़कर हर साल अप्रैल में सफदरजंग वेधशाला में 40°C या उससे अधिक तापमान दर्ज हुआ है। 2012 में 4 अप्रैल को सबसे अधिक तापमान केवल 38.7°C रहा था, जो सामान्य ट्रेंड से अगल था। आमतौर पर अप्रैल महीने में सबसे ज्यादा तापमान महीने के आखिरी हफ्ते में होता है, लेकिन उस साल(2012 में) कुछ अलग हुआ। उस साल सबसे ज्यादा तापमान महीने की शुरुआत में ही दर्ज हुआ, जो कि सामान्य रुझान के बिल्कुल उलट था।
2023 और 2024 में तापमान 40°C के पार लेकिन हीट वेव नहीं
हालांकि अप्रैल 2023 और 2024 में दिल्ली का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंचा था, फिर भी उसे हीट वेव (लू) नहीं माना गया। ऐसा इसलिए क्योंकि हीट वेव की घोषणा केवल तब होती है जब तापमान 40°C या उससे अधिक हो और सामान्य तापमान से 4.5°C या उससे ज्यादा का अंतर हो।अब बात करते हैं "सामान्य तापमान" की– अप्रैल के महीने में हर 5 दिन (Pentad) के बाद इसका औसत थोड़ा-थोड़ा बढ़ता है। महीने के आखिरी हफ्ते में औसत तापमान 37 से 38°C तक पहुंच जाता है। तो अगर इस समय किसी दिन का तापमान 40°C होता है, तो यह सामान्य से सिर्फ 2-3 डिग्री ज्यादा माना जाएगा, यानी हीट वेव की स्थिति नहीं मानी जाएगी।
हीट वेव मानी जाने के लिए आखिरी हफ्ते के दिनों में तापमान कम से कम 42 से 43°C तक होना चाहिए। वहीं, साल अप्रैल 2022 सबसे गर्म रहा था, क्योंकि इस महीने में 9 दिन हीटवेव वाले थे। पूरे महीने में 17 बार तापमान 40°C से ज्यादा गया था। महीने के आखिरी दो दिन, तापमान 43°C से ऊपर चला गया था। यह साफ दिखाता है कि केवल 40°C पार कर जाना हीट वेव के लिए काफी नहीं होता, बल्कि "सामान्य से कितना ज्यादा" तापमान है, यह ज़्यादा ज़रूरी है।
पश्चिमी विक्षोभ लाएगा अस्थायी राहत
एक पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) कल उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों तक पहुंचेगा और अगले 4 दिनों तक वहां सक्रिय रहेगा। यह सिस्टम 9 से 11 अप्रैल के बीच मैदानों के मौसम को प्रभावित करेगा। हालांकि, इसका असर आज से ही महसूस होने लगेगा क्योंकि हवा की दिशा में बदलाव शुरू हो जाएगा। दिल्ली में तापमान आज 40°C पार कर सकता है और अगले दो दिन भी इसी रुझान पर रहेंगे। 7 से 9 अप्रैल के बीच हीट वेव की स्थिति बन सकती है। इसके बाद तापमान में गिरावट आ सकती है और 9 से 11 अप्रैल के बीच शहर व आसपास के इलाकों में हल्की बारिश की भी संभावना है। लेकिन मौसम प्रणाली के गुज़र जाने के बाद फिर से तापमान बढ़ सकता है।







