गर्मी का दायरा बढ़ा! ओडिशा, महाराष्ट्र, तेलंगाना और रायलसीमा में 40°C के पार तापमान, राहत की उम्मीद

Mar 20, 2025, 2:00 PM | Skymet Weather Team
thumbnail image

इस साल देश के विभिन्न हिस्सों में गर्मी समय से पहले ही बढ़ने लगी है। गर्म रातों की संख्या भी तेजी से बढ़ रही है। तटीय और आंतरिक दोनों हिस्सों में लू (हीट वेव) भी अपेक्षित तिथियों से पहले ही चलने लगी है। कुल मिला कर फरवरी और मार्च में देश के अधिकांश हिस्सों में गर्मी, उमस और उच्च तापमान रहा है। खासतौर पर मध्य और पूर्वी भारत के इलाकों में गर्मी का असर ज्यादा महसूस किया गया है।

हीट वेव और गर्म रातों के मानदंड

मैदानी इलाकों में हीट वेव तब घोषित की जाती है, जब तापमान 40°C या उससे अधिक हो और यह सामान्य से 4.5°C या अधिक ऊपर हो। वहीं, तटीय क्षेत्रों में हीट वेव तब मानी जाती है जब अधिकतम तापमान 37°C या उससे अधिक हो और सामान्य से 4.5°C ज्यादा हो। इसी तरह, गर्म रातें तब घोषित की जाती हैं जब अधिकतम तापमान 40°C या उससे अधिक हो और न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.5°C अधिक दर्ज किया जाए। यदि तापमान सामान्य से 6.4°C या अधिक ऊपर जाता है, तो इसे तीव्र हीट वेव या बहुत गर्म रातें मानी जाती हैं।

भारत के कई राज्यों में तापमान 40°C के पार

पिछले 2-3 दिनों में ओडिशा, महाराष्ट्र, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान 40°C से अधिक दर्ज किया गया है। कल (19 मार्च 2025) को ओडिशा के बोलांगीर में 41.1°C, सुंदरगढ़ में 40.1°C, टिटलागढ़ में 41.5°C, झारसुगुड़ा में 40.8°C तापमान रिकॉर्ड हुआ था। वहीं, महाराष्ट्र के अकोला में 41.1°C, अमरावती में 40.2°C, वर्धा में 40.2°C, चंद्रपुर में 40°C, बीड में 40.2°C, जेजुर में 40°C, शोलापुर में 40.8°C तापमान दर्ज हुआ। तेलंगाना के निजामाबाद में 40.1°C, मेदक में 40.1°C और आंध्र प्रदेश के अनंतपुर में 40.7°C, नंद्याल में 40.5°C व कुर्नूल में 40°C तापमान रहा।

फरवरी 2025, पिछले 125 वर्षों में सबसे गर्म

फरवरी 2025 का महीना पिछले 125 वर्षों में सबसे गर्म रहा। मुंबई, कोकण और गोवा फरवरी में ही हीटवेव की चपेट में आ गए थे। वहीं, ओडिशा के बौध जिले में 16 मार्च 2025 को तापमान 43.6°C तक पहुंच गया था। झारखंड, ओडिशा, महाराष्ट्र और गुजरात के कुछ हिस्सों में गर्म रातों का असर इस साल काफी जल्दी दिखाई दे रहा है। बता दें, आमतौर पर महाराष्ट्र, ओडिशा और झारखंड में रात में गर्म मौसम की स्थिति मार्च के आखिरी दिनों में देखने को मिलती है।

इन राज्यों में गर्मी से मिलेगी कुछ राहत

उत्तर ओडिशा, झारखंड, विदर्भ और तेलंगाना में जल्द ही गर्म मौसम से कुछ राहत मिलने की संभावना है। एक ट्रफ ओडिशा से विदर्भ होते हुए छत्तीसगढ़ तक फैली हुई है। एक अन्य ट्रफ मराठवाड़ा से तमिलनाडु के आंतरिक हिस्सों तक फैली हुई है। इन मौसमी परिस्थितियों के कारण 21 से 24 मार्च के बीच गंगीय पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, तेलंगाना और रायलसीमा में बारिश गरज-चमक के साथ हो सकती है। वहीं, कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि (हेलस्टॉर्म) की भी संभावना है। दक्षिणी राज्यों तमिलनाडु, केरल और कर्नाटक में भी 22 और 23 मार्च को बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। आने वाली बारिश से कुछ समय के लिए बढ़ती गर्मी और उमस से राहत देगी।

Similar Articles