देश में इस सप्ताह मौसम रहेगा शांत, लेकिन तापमान सामान्य से ऊपर रहने की संभावना

Feb 10, 2025, 5:30 PM | Skymet Weather Team
thumbnail image

आगामी सप्ताह (10 से 16 फरवरी) के दौरान देशभर में मौसम की गतिविधियां न्यूनतम रहने की संभावना है। पहाड़ी इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी देखने को मिल सकती है, लेकिन इसके बीच में छोटे-छोटे ब्रेक रहेंगे। मैदानी इलाकों में शुष्क मौसम जारी रहेगा, जिससे दिन के तापमान में हल्की वृद्धि होगी। आंतरिक प्रायद्वीपीय क्षेत्र और गुजरात देश के सबसे गर्म हिस्सों में शामिल रहेंगे। ओडिशा, तेलंगाना और विदर्भ संभावित रूप से देश के गर्म इलाकों में गिने जा सकते हैं।

पहाड़ों राज्यों में बारिश की कमी: उत्तर भारत के पहाड़ों से गुजर रहे पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में हल्की हलचल बनी रहेगी। हालांकि, यह गतिविधियां काफी कमजोर रहेंगी और केवल कुछ इलाकों में मध्यम दर्जे की होंगी। सभी पहाड़ी राज्यों में अब तक 70% से अधिक मौसमी वर्षा की कमी दर्ज की गई है, जिसमें उत्तराखंड 89% की कमी के साथ सबसे ऊपर है। पूर्वोत्तर भारत में अरुणाचल प्रदेश की स्थिति उम्मीद से बेहतर हैं, जहां 1 जनवरी से 10 फरवरी 2025 तक केवल 23% वर्षा की कमी दर्ज की गई है। आने वाले दिनों में जो भी हल्की बारिश होगी, वह केवल उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों और अरुणाचल प्रदेश तक ही सीमित रहेगी।

बढ़ेगी बारिश की कमी: इस सप्ताह के दौरान इंडो-गंगेटिक मैदानों में तेज़ उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलने की संभावना है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में शुष्क मौसम बना रहेगा। उत्तर और पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में 15 और 16 फरवरी को हल्के बादल और छिटपुट मौसम गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। हालांकि, इस सप्ताह के दौरान मैदानी इलाकों में वर्षा की कमी और बढ़ने की संभावना है।

गुजरात और महाराष्ट्र में बढ़ेगी गर्मी: राजस्थान और मध्य प्रदेश के ऊपर बना मौसमी एंटीसाइक्लोन अब काफी पूर्व और दक्षिण की ओर खिसककर ओडिशा, छत्तीसगढ़, विदर्भ और तेलंगाना तक पहुंच गया है। इस कारण से पश्चिमी और मध्य भारत में शुष्क मौसम बना रहेगा। इसके अलावा गुजरात के कुछ हिस्सों में इस सप्ताह के दौरान गर्मी और अधिक बढ़ सकती है। विदर्भ, मराठवाड़ा और तेलंगाना में भी तापमान बढ़ेंगे। ओडिशा के पूर्वी तट पर सबसे गर्म स्थान बनने की संभावना है, जो पश्चिम में गुजरात के साथ प्रतिस्पर्धा करेगा। फरवरी के अंत और मार्च महीने में ओडिशा में आँधी-तूफान और ओलावृष्टि की संभावना भी बढ़ जाती है।

दक्षिणी भारत बारिश नहीं, बढ़ेगी गर्मी: फरवरी के महीने में प्रायद्वीपीय भारत(दक्षिण भारत) में गर्मी बढ़ने लगती है। भूमध्यरेखीय क्षेत्र, दक्षिण अंडमान सागर और बंगाल की खाड़ी में मौसम प्रणालियों की गतिविधियां इस समय काफी कम होती हैं। इस सप्ताह दक्षिण भारत में किसी भी प्रकार की बारिश की संभावना नहीं है। इसके विपरीत, गर्मी बढ़ने की संभावना है, जिसमें रायलसीमा और उत्तर आंतरिक कर्नाटक देश के सबसे गर्म इलाकों में शामिल हो सकते हैं।

पूर्वोत्तर भारत में मौसम रहेगा शांत: अरुणाचल प्रदेश को छोड़कर पूर्वोत्तर भारत में मौसम की गतिविधियां काफी कम रहेंगी। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह (बंगाल की खाड़ी) और लक्षद्वीप क्षेत्र (अरब सागर) में भी इस सप्ताह के दौरान मौसम लगभग शुष्क या निष्क्रिय बना रहेगा। देशभर में मौसमी वर्षा की कमी और बढ़ सकती है, जिससे फरवरी का महीना पिछले एक दशक या उससे भी अधिक समय में सबसे शुष्क महीनों में से एक बनने की कगार पर है।

Similar Articles

thumbnail image
[Hindi] सम्पूर्ण भारत का मार्च 14, 2025 का मौसम पूर्वानुमान

13 से 15 मार्च के बीच पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि 15 मार्च को पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी बारिश की संभावना है।

posted on: 10/02/2025
thumbnail image
Weather update and forecast for March 14 across India

During the next 24 hours, light to moderate rain and snowfall with thunderstorms and lightning may occur over the Western Himalayan region between 13 and 16. Isolated heavy rain and snowfall is possible over Jammu Kashmir, Ladakh, Gilgit Baltistan, Muzaffarabad and Himachal Pradesh on March 14.

posted on: 10/02/2025
thumbnail image
Holi Weather Update: Forecast for Delhi, Mumbai, Jaipur, Patna, Mathura and Other Cities

Light rain may be seen in Delhi, Jaipur, Mathura and Haryana on the auspicious occasion of Holi while Mumbai and Patna will remain dry. Uttarakhand could experience snowfall and rain both.

posted on: 10/02/2025
thumbnail image
होली पर कैसा रहेगा मौसम? जानिए दिल्ली, मुंबई, जयपुर, पटना, मथुरा समेत कई शहरों का मौसम पूर्वानुमान

रंगों के त्योहार होली पर मौसम का मिजाज अलग-अलग शहरों में भिन्न रहेगा। कुछ जगहों पर हल्की बारिश की संभावना है, तो कुछ शहरों में चटख धूप खिली रहेगी। आइए जानते हैं दिल्ली, मुंबई, जयपुर, पटना, मथुरा, हरियाणा, केरल और उत्तराखंड के लिए होली का मौसम कैसा रहेगा।

posted on: 10/02/2025