Typhoon Kalmaegi: तूफान कलमेगी’ ने मचाई फिलीपींस में तबाही, अब वियतनाम और थाईलैंड पर मंडरा रहा खतरा

By: skymet team | Edited By: skymet team
Nov 5, 2025, 3:15 PM
WhatsApp icon
thumbnail image

सैटेलाइन इमेज में चक्रवात काल्मेगी का पश्चिम की ओर बढ़ता पूरा मार्ग दिखाई दे रहा है!

फिलीपींस के मध्य हिस्सों में शक्तिशाली तूफान ‘कलमेगी (Kalmaegi)’ ने भयानक तबाही मचा दी है। यह तूफान फिलीपींस सागर में बना और देश के घनी आबादी वाले इलाकों से गुजरते हुए कहर बरपा गया। अब तक 90 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है और कई लोग लापता बताए जा रहे हैं। अचानक आई बाढ़ों ने सड़कों, पुलों और घरों को भारी नुकसान पहुंचाया है। हालात और गंभीर तब हो गए जब राहत कार्य के दौरान वायुसेना का एक हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें सवार सभी 6 सैनिकों की मौत हो गई।

KALMAEGIT.PNG

अब दक्षिण चीन सागर में बढ़ी ताकत

‘कलमेगी’ अब दक्षिण चीन सागर के गर्म पानी में प्रवेश कर चुका है, जिससे यह और ताकतवर बन रहा है। हालांकि राहत की बात यह है कि जैसे-जैसे तूफान वियतनाम तट के करीब पहुंचेगा, वहां के समुद्री तापमान 30°C से घटकर 25°C तक चला जाएगा। गर्माहट कम होने और स्थल की नजदीकी के कारण तूफान की शक्ति घटेगी-यानी यह कैटेगरी-3 से कैटेगरी-2 और फिर कैटेगरी-1 तक कमजोर पड़ सकता है। लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि कमजोरी को हल्के में नहीं लेना चाहिए। वियतनाम में सतर्कता और तैयारी की स्थिति को और मजबूत करने की जरूरत है।

KALMAEGI 1.PNG

वियतनाम तट पर कल पहुंचेगा तूफान

इस समय तूफान का केंद्र Song Tu Tay Island से लगभग 450 किमी पूर्व स्थित है। तूफान की रफ्तार केंद्र के पास 150 किमी/घं. है और झोंकों में यह 200 किमी/घं. से भी ज्यादा है। ‘कलमेगी’ कल शाम वियतनाम के तट से टकराने की संभावना है। इसके विस्तृत परिसंचरण क्षेत्र के कारण भीषण गरज-चमक वाले तूफान, बवंडर (tornadoes) और तेज हवाएं चलने का खतरा रहेगा। शनिवार तक बारिश धीरे-धीरे कम होगी, क्योंकि तूफान थाईलैंड की दिशा में बढ़ जाएगा।

KALMAEGI.PNG

थाईलैंड और म्यांमार की ओर बढ़ेगा तूफान

वियतनाम और लाओस से गुजरने के बाद ‘कलमेगी’ थाईलैंड में एक खतरनाक तूफान के रूप में प्रवेश करेगा। हालांकि थाईलैंड की विस्तृत भूमि पार करते हुए यह तूफान धीरे-धीरे कमजोर होकर अवदाब (Depression) में बदल जाएगा और म्यांमार पहुंच जाएगा। म्यांमार से आगे यह प्रणाली 8 या 9 नवंबर को पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी में प्रवेश करेगी।

बंगाल की खाड़ी में बनेगा नया चक्रवातीय सिस्टम

तूफान के बचे हुए अवशेष बंगाल की खाड़ी में पहुंचकर वहां पहले से मौजूद चक्रवाती परिसंचरण (Cyclonic Circulation) से मिल सकते हैं। मौसम मॉडल्स के अनुसार, इस प्रणाली की आगे की स्थिति पर अगले 5 दिनों तक निगरानी रखी जाएगी, क्योंकि इतनी लंबी अवधि में मॉडल्स की सटीकता कम हो जाती है। इस तूफान से जुड़े आगे के अपडेट्स समय-समय पर साझा किए जाएंगे।

Skymet भारत की सबसे बेहतर और सटीक निजी मौसम पूर्वानुमान और जलवायु इंटेलिजेंस कंपनी है, जो देशभर में विश्वसनीय मौसम डेटा, मानसून अपडेट और कृषि जोखिम प्रबंधन समाधान प्रदान करती है।

author image

डिस्क्लेमर: यह जानकारी स्काइमेट की पूर्वानुमान टीम द्वारा किए गए मौसम और जलवायु विश्लेषण पर आधारित है। हम वैज्ञानिक रूप से सही जानकारी देने का प्रयास करते हैं, लेकिन बदलती वायुमंडलीय स्थितियों के कारण मौसम में बदलाव संभव है। यह केवल सूचना के लिए है, इसे पूरी तरह निश्चित भविष्यवाणी न मानें।

Skymet भारत की सबसे बेहतर और सटीक निजी मौसम पूर्वानुमान और जलवायु इंटेलिजेंस कंपनी है, जो देशभर में विश्वसनीय मौसम डेटा, मानसून अपडेट और कृषि जोखिम प्रबंधन समाधान प्रदान करती है