Skymet weather

[Hindi] दिल्ली सहित उत्तर भारत में सुबह जारी है खुशनुमा सर्दी

October 17, 2016 3:21 PM |

Delhi Indiagate Youtube 600रविवार छुट्टी का दिन है और इस दिन हर कोई आलस की गिरफ्त में रहता है। विशेषकर सुबह के समय। दिल्ली में बीते रविवार का मौसम सुबह की नींद को और प्यारा बनाने वाला था क्योंकि पारा अपेक्षा से काफी नीचे चला गया था। रविवार की सुबह तापमान में व्यापक गिरावट के चलते मौसम शीतल हो गया। पारा सामान्य से लगभग 2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। सोमवार की सुबह यानि आज का भी आलम ऐसा ही था। लेकिन यह सप्ताह का पहला दिन है और मौसम कितना भी सुहावना क्यों ना हो आलस्य त्यागकर आपको उठना ही पड़ा।

उत्तर भारत के अधिकतर हिस्सों में इस समय शुष्क उत्तर-पश्चिमी हवाएँ चल रही हैं। इन्हीं हवाओं के चलते दिल्ली और आसपास के भागों में तापमान में यह गिरावट आई है। विशेष कमी सुबह के तापमान में हुई है जिससे सुबह अच्छी ठंडक महसूस की जा रही है। स्काइमेट के मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आने वाले कुछ दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिमी हवाओं का प्रवाह बना रहेगा जिसके चलते तापमान में और कमी आ सकती है।

हालांकि बीते 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में गिरावट देखने को नहीं मिली। रविवार को सफदरजंग मौसम केंद्र ने न्यूनतम तापमान 17.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया जो सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस कम है। दूसरी ओर पालम मौसम केंद्र पर 19.8 डिग्री सेलिसयस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। सोमवार को सुबह सफदरजंग में 19 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। उत्तर भारत के मैदानी या पर्वतीय भागों में जल्द किसी मौसमी सिस्टम के विसकित होने की संभावना दिखाई नहीं दे रही है। सैटेलाइट में फिलहाल पश्चिमी विक्षोभ भी आता नज़र नहीं आ रहा है। किसी मौसमी सिस्टम के अभाव में इन भागों के वातावरण में नमी घटते हुए 30 प्रतिशत तक आ सकती है।

दिल्ली में अगले कुछ दिनों के दौरान दिन के तापमान में विशेष कमी की संभावना कम है। हालांकि सुबह के समय पारा 17 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा। दिल्ली से सटे भागों की बात करें तो हरियाणा में रात का तापमान 15 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। पंजाब में भी सुबह के समय 16 से 19 डिग्री सेल्सियस के बीच तापमान रहने की उम्मीद है। तो सुबह के शीतल मौसम का मज़ा लीजिये लेकिन दोपहर की कड़ी धूप से सावधान भी रहिए ताकि मौसम में बदलाव के चलते होने वाली बीमारियों से बचे रह सकें।

Image credit: Youtube

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

 






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try