भारत पर छा रहा अंधियारा: प्रदूषण ने छीनी धूप, दिल्ली बनी धुएं का केंद्र

By: skymet team | Edited By: skymet team
Oct 16, 2025, 12:00 PM
WhatsApp icon
thumbnail image

भारत में धूप के घंटों में लगातार कमी दर्ज

पिछले तीन दशकों में भारत में धूप के घंटों में लगातार कमी दर्ज की गई है। इसका मुख्य कारण है वायुमंडल में बढ़ते एरोसॉल्स, धुंध, और बादलों का पैटर्न जो सूर्य की किरणों को धरातल तक पहुंचने से रोकते हैं। सबसे ज्यादा असर दिल्ली में देखा जा रहा है, जहां प्रदूषण न सिर्फ दृश्यता घटा रहा है, बल्कि सौर ऊर्जा उत्पादन और लोगों के स्वास्थ्य पर भी गंभीर असर डाल रहा है।

भारत में घटती धूप, अध्ययन के मुख्य निष्कर्ष

भारत के सभी नौ प्रमुख भौगोलिक क्षेत्रों में पिछले 30 वर्षों में धूप के घंटों में कमी दर्ज की गई है। सबसे अधिक गिरावट उत्तर भारत के अंदरूनी इलाकों (जैसे अमृतसर), हिमालयी क्षेत्र और पश्चिमी तट (जैसे मुंबई) में देखी गई। अक्टूबर से मई तक थोड़ी अधिक धूप रहती है, जबकि जून-जुलाई में मानसूनी बादलों की वजह से सबसे ज्यादा कमी आती है। अध्ययन के मुताबिक, एरोसॉल्स लगभग 13% और बादल (जो एरोसॉल्स से प्रभावित होते हैं) करीब 31-44% तक सूर्य के प्रकाश को कम कर रहे हैं (1993–2022 के बीच, Tripathi et al. के अनुसार)।

क्यों है यह चिंता का विषय

सौर ऊर्जा पर असर-प्रदूषण और धुंध की वजह से सौर पैनलों की कार्यक्षमता 12–41% तक घट जाती है। अगर हवा साफ हो जाए, तो भारत की सौर ऊर्जा उत्पादन क्षमता 6–28 टेरावॉट घंटे (TWh) प्रतिवर्ष बढ़ सकती है।

कृषि पर प्रभाव- धूप में कमी से फसलों की उत्पादकता प्रभावित हो रही है। धुंध वाले इलाकों में धान और गेहूं जैसी फसलों की पैदावार में 36–50% तक की गिरावट देखी गई है। इसका कारण है प्रकाश संश्लेषण (Photosynthesis) के लिए उपयोगी सूर्य किरणों में कमी।

सौर लक्ष्य पर खतरा- भारत का लक्ष्य है 2030 तक 500 GW नवीकरणीय ऊर्जा, जिसमें से 100 GW सौर ऊर्जा पहले ही स्थापित हो चुकी है। लेकिन अगर धूप की उपलब्धता घटती रही, तो यह लक्ष्य हासिल करना कठिन हो जाएगा।

दिल्ली: जहां हवा खुद अपनी धूप चुरा रही है

मौजूदा समय में दिल्ली का AQI (Air Quality Index) लगातार “Unhealthy” से “Very Unhealthy” श्रेणी में बना हुआ है। PM2.5 का स्तर 144 µg/m³ तक पहुंच चुका है, जो WHO की सीमा से कई गुना ज्यादा है। 2025 में अब तक एक भी दिन ऐसा नहीं आया जब दिल्ली का AQI “Good (0–50)” श्रेणी में रहा हो।

क्यों दिल्ली पर सबसे ज्यादा असर

प्रदूषण के प्रमुख स्रोत

• वाहनों से निकलने वाला धुआं

• फैक्ट्रियों और उद्योगों से उत्सर्जन

• पंजाब, हरियाणा और यूपी में पराली जलाना

• निर्माण धूल और खुले में कचरा जलाना

मौसम से जुड़ी वजहें

• सर्दियों में तापमान उलटाव (temperature inversion) प्रदूषकों को जमीन के पास फंसा देता है।

• हवा की गति कम होने से प्रदूषण फैल नहीं पाता।

• नमी और कोहरा प्रकाश के फैलाव को और बढ़ाते हैं।

बादल और एरोसॉल का रिश्ता

एरोसॉल्स बादलों के बनने की प्रक्रिया को बदल देते हैं। ये बादलों को अधिक परावर्तक और लंबे समय तक टिकाऊ बना देते हैं, जिससे धूप और भी कम हो जाती है।

AQI क्या है और कैसे तय होता है

AQI (Air Quality Index) एक संक्षिप्त सूचकांक है जो PM2.5, PM10, NO₂, O₃, CO, SO₂ जैसे प्रदूषकों को जोड़कर एक संख्या में प्रदर्शित करता है। वायु गुणवत्ता को 4 कैटेगरी में रखा जाता है, जो अच्छा, संतोषजनक, मध्यम, खराब, बहुत खराब, गंभीर होती है।।

GRAP (Graded Response Action Plan) दिल्ली–NCR में लागू एक चरणबद्ध कार्ययोजना है। जब AQI “Poor” स्तर तक पहुंचता है, तो Stage-I GRAP लागू होता है- इसमें शामिल हैं:

• प्रदूषित वाहनों पर रोक

• निर्माण कार्यों को अस्थायी रूप से रोकना

• खुले में कचरा जलाने पर सख्ती

अक्टूबर 2025 तक दिल्ली में GRAP Stage I लागू किया जा चुका है क्योंकि AQI ~211 तक पहुंच गया है।

दिल्ली में प्रदूषण के वास्तविक असर

• सौर ऊर्जा उत्पादन घटा: प्रदूषण वाले दिनों में सौर पैनल 20–30% कम बिजली पैदा करते हैं।

• स्वास्थ्य पर खतरा: PM2.5 के लंबे संपर्क से सांस, हृदय रोग, स्ट्रोक, और अस्थमा के मामले बढ़ते हैं।

• दृश्यता कम: धुंध भरे आसमान से दृश्यता घटती है, जिससे हवाई उड़ानें और ट्रैफिक दोनों प्रभावित होते हैं।

• आर्थिक नुकसान: स्वास्थ्य खर्च, कामकाजी उत्पादकता में गिरावट और ऊर्जा ग्रिड पर दबाव बढ़ता है।

दिल्ली AQI स्थिति (15 अक्टूबर 2025, सुबह 11 बजे)

• AQI: 187 (Unhealthy)

• PM2.5: 106.5 µg/m³

• PM10: 246 µg/m³

• अन्य गैसें (NO₂, SO₂, O₃) मध्यम स्तर पर, पर मुख्य खतरा कण प्रदूषण (particulate matter) से।

यह स्थिति सामान्य लोगों के लिए भी हानिकारक है, और बच्चों, बुजुर्गों, या बीमार लोगों के लिए अधिक खतरनाक।

आगे की राह: समाधान और सुझाव

वायु गुणवत्ता को ऊर्जा रणनीति का हिस्सा बनाना है। साफ हवा सिर्फ स्वास्थ्य नहीं, बल्कि सौर ऊर्जा उत्पादन के लिए भी जरूरी है। GRAP का सख्ती से पालन करना है। प्रदूषण सीमा पार होते ही चरणबद्ध नियंत्रण लागू किए जाएं, और उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई हो।

इसके साथ ही अंतरराज्यीय सहयोग भी जरूरी है। दिल्ली का प्रदूषण पंजाब, हरियाणा और यूपी से जुड़ा है, इसलिए पराली जलाने पर संयुक्त कार्रवाई जरूरी है।

शहरी नियोजन और परिवहन सुधार की जरूरत है।जैसे ईवी वाहनों को बढ़ावा दें, सार्वजनिक परिवहन मजबूत करें और निजी वाहनों की संख्या घटाएं।

निगरानी और जनजागरूकता की भी आवश्यकता है, उच्च गुणवत्ता वाले रियल-टाइम AQI डेटा, पारदर्शिता और नागरिक भागीदारी से सुधार संभव है।

सौर ऊर्जा में तकनीकी नवाचार बढाए,जैसे धुंध-सहिष्णु (haze-tolerant) पैनल, सफाई तकनीक और बेहतर लोकेशन चयन से सौर ऊर्जा उत्पादन बढ़ाया जा सकता है।

author image

Disclaimer: This content is based on meteorological interpretation and climatological datasets assessed by Skymet’s forecasting team. While we strive to maintain scientific accuracy, weather patterns may evolve due to dynamic atmospheric conditions. This assessment is intended for informational purposes and should not be considered an absolute or guaranteed prediction.

Skymet is India’s most accurate private weather forecasting and climate intelligence company, providing reliable weather data, monsoon updates, and agri-risk management solutions across the country.