[Hindi] पहाड़ों पर वैलेंटाइन मनाइए बर्फबारी के बीच, देश के बाकी हिस्सों पर बदलाव लेकर आएगा यह हफ्ता-जतिन सिंह, एमडी, स्काइमेट

February 10, 2020 8:19 PM | Skymet Weather Team

वर्ष 2020 के पहले महीने जनवरी में देश के पूर्वोत्तर क्षेत्रों और मध्य भागों में काफी अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके उलट फरवरी के पहले हफ्ते में उत्तरी और पूर्वी भागों में अपेक्षाकृत कम वर्षा हुई। इस बार मध्य भारत और इससे सटे आंध्र प्रदेश तथा तेलंगाना पर मौसम की मेहरबानी देखने को मिली।

इस सप्ताह (10 से 16 फरवरी, 2020) मौसमी में सक्रियता मुख्यतः उत्तरी भारत के पहाड़ों और पूर्वोत्तर भारत में अरुणाचल प्रदेश में ही देखने को मिलेंगी।

उत्तर भारत

एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत में 11 फरवरी को आएगा और यह 14 फरवरी तक रहेगा। इसके प्रभाव से जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, लद्दाख और उत्तराखंड में 3-4 दिनों लंबा दौर बारिश और बर्फबारी का देखने को मिलेगा। मौसम की हलचल 12 और 13 फरवरी को चरम पर होगी। 15 फरवरी से मौसम एक बार फिर साफ हो जाएगा।

पहाड़ों पर गतिविधियां होंगी लेकिन उत्तर के मैदानी राज्यों में पूरे सप्ताह मौसम आमतौर पर साफ और शुष्क रहने की संभावना है। दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में सप्ताह शुष्क मौसम के बीच कभी ठंडी हवाओं के कारण सामान्य से नीचे रहेगा पारा तो कभी धूप के कारण दिन का तापमान बढ़ जाएगा।

English Version: MD Skymet, Jatin Singh: A snowy Valentine’s day for the hills and fair-weather week for the rest of India

पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत

पिछले दिनों जहां ओड़ीशा, झारखंड और पश्चिम बंगाल में कुछ बारिश हुई थी, अब मौसम शुष्क रहेगा। दिन में अच्छी धूप खिलेगी और तेज़ रफ्तार से उत्तर-पश्चिमी हवाएँ चलेंगी। यह मौसम पूर्वी भागों में फसलों के लिए अच्छा रहेगा। गेहूं और सरसों सहित रबी फसलों का विकास अच्छा होगा। हालांकि किसानों को आवश्यकतानुसार सिंचाई का ध्यान रखना होगा।

पूर्वोत्तर राज्यों में भी ज़्यादातर जगहों पर बारिश की संभावना कम है। अरुणाचल प्रदेश एक ऐसा क्षेत्र होगा जहां रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी। 15 और 16 को अरुणाचल प्रदेश में अच्छी वर्षा के आसार हैं।

मध्य भारत

मध्य भारत में पिछले सप्ताह काफी अच्छी गतिविधियां देखने को मिलीं। खासतौर पर छत्तीसगढ़ और ओडिशा के कई इलाकों में अच्छी बारिश हुई। पूर्वी मध्य प्रदेश में भी मौसम मेहरबान रहा। लेकिन इस सप्ताह समूचे मध्य भारत के भागों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

दक्षिण भारत

दक्षिणी राज्यों में 10 और 11 फरवरी को कुछ स्थानों पर रुक-रुक बारिश हो सकती है जबकि सप्ताह के बाकी दिनों में मौसम सूखा रहेगा। 12 फरवरी से लगभग सभी दक्षिणी राज्यों में शुष्क मौसम को देखते हुए माना जा रहा है कि दिन का तापमान तेज़ी से ऊपर जाएगा और समय से पहले गर्मी दस्तक दे देगी।

दिल्ली-एनसीआर

दिल्ली और एनसीआर में यह सप्ताह बदलाव लेकर आएगा। दिन में धूप रहेगी और हवा चलेंगी। उम्मीद है कि रात और दिन के तापमान में कुछ वृद्धि देखने को मिलेगी। तापमान में वृद्धि के बावजूद सुबह और रात में मौसम ठंडा बना रहेगा। न्यूनतम तापमान बढ़ते हुए 10 डिग्री से ऊपर पहुँच सकता है। दिल्ली में सुबह के समय हल्का कोहरा और कुहासा रहेगा।

चेन्नई

चेन्नई में इस समय आमतौर पर बारिश कम ही होती है। हम उम्मीद कर रहे हैं कि इस सप्ताह चेन्नई में मौसम साफ और शुष्क रहेगा। अधिकतम तापमान 35 डिग्री तक पहुँच सकता है जिससे उमस और गर्मी अभी से चेन्नई के लोगों के लिए परेशानी का सबब बन सकती है। न्यूनतम तापमान भी बढ़ते हुए 20 डिग्री के स्तर को पार कर सकता है।

Image credit: Rediff

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

OTHER LATEST STORIES