Delhi Weather: दिल्ली में बरसात गायब, उमस और बढ़ती गर्मी से बेहाल राजधानी, कब बरसेंगे बादल?
दिल्ली में 5 दिन से बारिश गायब, पारा चढ़ा
पांचवें दिन भी दिल्ली में बारिश नहीं हुई। पिछले 24 घंटों में दिल्ली की किसी भी ऑब्जर्वेटरी पर बारिश नहीं हुई है। लगातार बारिश न होने से दिन के तापमान बढ़ गया है। सफदरजंग, पालम और लोधी रोड इन तीनों वेधशालाओं (ऑब्जर्वेटरी) में 10 दिन बाद पारा 35°C के पार रिकॉर्ड हुआ है। वहीं, सफदरजंग ऑब्जर्वेटरी में अगस्त के पहले हफ्ते का सबसे अधिक तापमान 35.8°C दर्ज किया, जो सामान्य से लगभग 2°C ज्यादा है। आज भी तापमान 35°C से ऊपर रहने के आसार हैं, जबकि वीकेंड पर तापमान में हल्का कम हो सकता है।
यह भी पढ़ें: एक्टिव हुआ मानसून, अब पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार में घटेगी बारिश की कमी, खेतों में लौटेगी हरियाली
Advertisement
Advertisement
मानसून ट्रफ दिल्ली से दूर, मौसम में बदलाव नहीं
दिल्ली-एनसीआर में मौसम पैटर्न में कोई खास बदलाव नहीं हुआ। मानसून ट्रफ दिल्ली से उत्तर, हिमालय की तलहटी के पास बनी रही, जिसके कारण बारिश नहीं हुई। अब दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश में निचले स्तर पर एक सर्कुलेशन बनने की संभावना है, जो मानसून ट्रफ को दक्षिण की ओर खींचेगा। अगले तीन दिनों तक यह ट्रफ दिल्ली के पास रह सकती है, लेकिन अन्य मौसम प्रणालियों का सहयोग न मिलने से बारिश की गतिविधियाँ सीमित रहेंगी।
यह भी पढ़ें: राजस्थान में बारिश के आंकड़े अधिक, लेकिन ज़मीन सूखी, किसानों की चिंता बढ़ी, खेती पर संकट गहराया
छिटपुट बारिश के आसार, बड़ी बारिश के लिए इंतजार
30 डिग्री से ज्यादा तापमान और मानसून ट्रफ की नजदीकी के चलते दिल्ली-एनसीआर के कुछ हिस्सों में छिटपुट बारिश हो सकती है। यह पैटर्न 10 अगस्त तक जारी रहेगा। इसके बाद सर्कुलेशन मानसून ट्रफ में समा जाएगा। अच्छी बारिश के लिए दिल्ली को अगस्त के दूसरे हिस्से तक इंतजार करना होगा। 13 अगस्त के आसपास बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है, जो देशभर में मानसून को दोबारा एक्टिव करेगा। दिल्ली में 15-16 अगस्त के आसपास ही अच्छी बारिश होने के आसार हैं।
















