राजधानी में मानसून मेहरबान, पूरे सप्ताह दिल्ली-NCR में जमकर बरसेंगे बादल, जानें कैसा रहेगा कल का मौसम
पिछले 24 घंटों के दौरान दिल्ली/एनसीआर के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हुई है। खासकर एनसीआर के पूर्वी हिस्सों जैसे नोएडा, गाजियाबाद और फरीदाबाद में आज सुबह हल्की बारिश दर्ज की गई। हालांकि, पालम, सफदरजंग और लोधी रोड स्थित मौसम विज्ञान कार्यालयों में बीते 24 घंटों के दौरान कोई वर्षा रिकॉर्ड नहीं हुई। वहीं जाफरपुर, नरेला और पूसा जैसे कुछ वेधशालाओं में 1-2 मिमी बारिश दर्ज की गई। राजधानी में आज हल्की बारिश हो सकती है, साथ ही कल से मौसम में सुधारी की उम्मीद है।
मानसून ट्रफ दिल्ली के उत्तर में स्थित
मानसून ट्रफ इस समय दिल्ली के उत्तर में स्थित है, लेकिन यह बहुत दूर नहीं है। यह ट्रफ अगले 5-6 दिनों तक उत्तर दिशा में ही बनी रह सकती है, हालांकि इसमें कुछ उतार-चढ़ाव देखने को मिलेंगे। इस ट्रफ के साथ चक्रवाती परिसंचरण भी जुड़े रहेंगे, जैसे पंजाब और हरियाणा पर बना सिस्टम जो अब कमजोर हो गया है। 8 से 9 अगस्त के बीच एक नया परिसंचरण दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश पर बन सकता है, जो ट्रफ को फिर से सक्रिय करेगा और वर्षा गतिविधि को बढ़ाएगा।
Advertisement
Advertisement
दिल्ली में इस सप्ताह लगातार होगी बारिश
इस सप्ताह दिल्ली और आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला बना रह सकता है। खासकर कल 4 अगस्त को बारिश बहुत तेज हो सकती है। दोपहर के बाद बारिश तेज और भारी हो सकती है, जिसके रात को अधिक तेज होने के आसार हैं। वहीं, दिल्ली-एनसीआर में 8 से 10 अगस्त के बीच बारिश की गतिविधियों में फिर से तेजी आने की संभावना है, जो अगले सप्ताह तक भी खिंच सकती है।
यह भी पढ़ें: अगले 10 दिन महाराष्ट्र रहेगा सूखा-सूखा, मराठवाड़ा में बढ़ेगी बारिश की कमी, सूखे के खतरे के साथ खेती पर संकट
तापमान नियंत्रण में, आंशिक असर संभव
इस मौसमी पैटर्न के चलते दिल्ली में अधिकतम तापमान 35°C से नीचे ही रहेगा। बता दें, आमतौर पर तापमान 32° से 34°C के बीच बना रह सकता है। इस सप्ताह मौसम की वजह से दिल्लीवासियों को कोई बड़ा व्यवधान नहीं होगा, लेकिन कल 5 अगस्त की शाम और रात के समय आंशिक असर जरूर देखने को मिल सकता है। दिल्ली के पश्चिमी हिस्से जैसे पालम और गुरुग्राम में तेज मौसम गतिविधि की अधिक संभावना है।







